-
-Twitter / @ANI
Twitter / @ANI

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में हुए एक भयानक सड़क हादसे में बंजार क्षेत्र में यात्रियों से भरी एक बस खाई में गिर गई। कुल्लू से गाड़ागुशैणी की तरफ जा रही बस यात्रियों से खचाखच भरी हुई थी। खाई में गिरते ही बस के परखच्चे उड़ गए। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक इस घटना के बाद अबतक 44 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। 

पीएम नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने दुर्घटना पर गहरा शोक व्‍यक्‍त किया है। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

इस हादसे में 39 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि चालक इस बस को पहली बार चला रहा था और वह हादसे के वक्त मौके पर बस से कूद गया।

कुल्लू की एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, '44 शव बरामद किए जा चुके हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।' बता दें कि यात्रियों से भरी बस बंजर से गड़ागुशैणी की ओर जा रही थी, तभी यह घटना घटित हो गई।

खाई में गिरने के बाद बस के परखच्चे उड़ गए। घटनास्थल पर बचाव अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिसकर्मी भी मौजूद हैं।

बस के खाई में गिरने से परखच्चे उड़ गए। बस की छत अलग होकर पहाड़ी पर ही फंस गई, जबकि निचला हिस्सा खड्ड में जा पहुंचा। टायर भी अलग हो गए थे। 42 सीटर बस में 75 से ज्यादा लोग सवार थे। छत पर भी सवारियां बैठा रखी थीं।

बताया जा रहा है कि बस अपने तय समय से जाम लगने के कारण देरी जे बंजार जे चली। 42 सीटर बस में 60 के करीब सवारियां थी। दुर्घटनास्‍थल पर खड़ी चढ़ाई होने के कारण बस आगे नहीं बढ़ी और न ही ब्रेक लगी, इस कारण बस खाई में जा गिरी। हादसे वाली जगह सड़क भी काफी तंग थी।

Twitter / @ANI

स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। अभी घायलों को अस्पताल तक पहुंचाने पर फोकस किया जा रहा है। घायलों में अधिकतर कॉलेज छात्र बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक ये सभी गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए कुल्लू और मंडी अस्पताल रेफर किया गया है।

हिमाचल के कुल्लू जिले में हुए दर्दनाक बस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। पीएमओ की ओर से जारी ट्वीट में कहा गया कि हिमाचल सरकार हर संभव सहायता प्रदान कर रही है। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी ट्वीट कर बस हादसे पर दुख जताया और क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे पीड़ितों की मदद करें।

वहीं राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी बस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कहा कि जयराम ठाकुर ने जिला प्रशासन से दुर्घटना में घायल यात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आधिकारिक जांच के आदेश दिए गए हैं।

बताया जा रहा है कि बस में सवार ज्यादातर यात्री बंजार स्कूल और कॉलेज के छात्र थे। हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। रीजनल अस्पताल कुल्लू को अलर्ट पर रखा गया है। सीएमओ कुल्लू ने जिले की सभी एंबुलेंस को घटनास्थल की ओर रवाना कर दिया है।