-
Twitter / @ANI

आमतौर पर इंसान के मुंह में 32 दांत होते हैं, लेकिन अगर किसी 7 साल के बच्चे के मुंह में 526 दांत मिलें तो आप इस घटना को प्रकृति का चमत्कार कहेंगे या कुछ और। हो सकता है की पहले तो आपको यह खबर कोरी गप लगे, लेकिन यह बिलकुल सच है। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के सविता डेंटल कॉलेज में एक ऐसी सर्जरी हुई, जिसमें डॉक्टरों ने एक 7 साल के बच्चे के मुंह से 526 दांत निकाले हैं।

डॉक्टरों ने बताया कि 'कम्पाउंड कम्पॉजिट ओनडोन्टओम' के एक दुर्लभ मामले से पीड़ित इस बच्चे को उसके दाहिने जबड़े में सूजन के साथ अस्पताल में लाया गया था। हैरानी की बात यह है कि ये दांत जबड़े की हड्डी में इस कदर लगे हुए थे कि बाहर से दिखाई ही नहीं देते थे। डेंटिस्ट्स ने सर्जरी करके कुल 526 दांत निकाले, अब इस बच्चे के मुंह में 21 दांत बचे हैं। सर्जरी के बाद बच्चे के जबड़े और पूरे मुंह में होने वाला दर्द भी खत्म हो गया है।

बताया गया कि सात साल के रवींद्रनाथ के दाएं गाल पर सूजन देखकर उसके पैरंट्स को लगा कि दांत सड़ गया है। हालांकि, बाद में पता चला कि रवींद्र के जबड़े के नीचे 526 दांत छिपे हुए थे। बुधवार को रवींद्र ने मीडिया के सामने अपने चेहरे को छूकर बताया कि अब उसके दांत और जबड़ों में दर्द नहीं है। थोड़ी बहुत सूजन जरूर है लेकिन वह भी धीरे-धीरे ठीक हो जाएगी।

सविता डेंटल कॉलेज के डॉक्टरों ने बताया कि रवींद्र के पैरंट्स को सर्जरी के लिए मनाने में कुछ ही मिनट लगे लेकिन बच्चे को सर्जरी के लिए मनाने में कई घंटे लग गए। बच्चे को मनाने के बाद सर्जरी शुरू हुई, इस सर्जरी में पांच घंटे लगे। कॉलेज के डॉक्टर सेंथिलनाथन ने बताया, 'यह सर्जरी के क्षेत्र में महज उपलब्धि भर नहीं है।' हालांकि, सर्जरी के बाद भी डॉक्टर नहीं बता पाए कि किस कारण यह बीमारी हुई। डॉक्टरों ने कहा कि मोबाइल टावर के रेडिएशन और अनुवांशिक कारणों से ऐसा हो सकता है।

जानकारी के मुताबिक, रवींद्र जब तीन साल का था, तब उसके परिजन ने उसके दाएं गाल पर सूजन देखी। रवींद्र के पिता एस प्रभुदौस बताते हैं, 'हम उसे एक सरकारी अस्पताल लेकर गए लेकिन वहां के लोग रवींद्र को सर्जरी के लिए मना नहीं पाए। हमने भी इसपर ज्यादा जोर नहीं दिया क्योंकि तब वह छोटा सा बच्चा ही था।'

बाद में सूजन बढ़ने पर रवींद्र को लेकर उसके घरवाले सविता डेंटल कॉलेज पहुंचे। यहां एक्स-रे और सीटी स्कैन जैसे टेस्ट के बाद पता चला कि जबड़े के नीचे कई सारे छोटे-छोटे दांत हैं। रवींद्र के परिवार को सर्जरी के लिए तैयार करने के बाद 11 जुलाई का समय सर्जरी के लिए तय किया गया। डॉ. सेंथिलनाथन कहते हैं, 'सर्जरी करना जरूरी था। हमने बगल से हड्डी को तोड़ने की बजाय ऊपर से ड्रिल किया। अच्छी बात यह है कि रवींद्र के जबड़े की मरम्मत के लिए कुछ करने की जरूरत नहीं है।'

ओरल और मैक्सिलोफेशियल पैथलॉजी विभाग की प्रमुख और प्राध्यापक प्रतिभा रमणी ने कहा, 'सर्जरी के तीन दिन बाद लड़का अभी सामान्य है। ' चिकित्सकों के मुताबिक, यह दुनिया का पहला ऐसा मामला है, जिसमें किसी व्यक्ति के मुंह से इतने सारे छोटे-छोटे दांत निकाले गए हैं।

इस सर्जरी के बारे में डॉक्टर प्रतिभा रमानी ने कहा कि उन्होंने कभी एक इंसान के मुंह में इतने दांत नहीं देखे। यह दुनिया की पहली ऐसी सर्जरी होगी जिसमें एक बच्चे के मुंह से इतनी बड़ी संख्या में दांत निकाले गए हों। आपको बता दें 2014 में भी मुंबई के एक लड़के के मुंह से 232 दांत निकाले गए थे।