-
ANI

विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में बुधवार को लगातार दूसरा व वनडे करियर का 37वां शतक जड़ा। विराट ने 127 गेंदों पर नाबाद 156 रनों की पारी खेली और एक बार फिर कई रिकॉर्ड बना डाले। इस पारी के दौरान विराट ने जिस सबसे खास रिकॉर्ड को बनाया वो था वनडे क्रिकेट में दस हजारी बनने का।

विराट कोहली ने वनडे क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 10,000 रन तक पहुंचने का कमाल कर दिखाया है। उन्होंंने महान पूर्व भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा है। विराट कोहली ने 205 पारियों में वनडे क्रिकेट के 10 हजार रन पूरे किए जबकि सचिन तेंदुलकर ने 259 पारियों में ये आंकड़ा हासिल किया था।

विराट कोहली ने करियर का 213वें वनडे मैच की 205वीं पारी में 10 हजार रन पूरे किए। उनसे पहले ये रिकॉर्ड मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज था। सचिन ने साल 2001 में इंदौर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 139 रन की पारी खेलते हुए ये रिकॉर्ड अपने नाम किया था। सचिन ने करियर की 259वीं पारी में ये उपलब्धि हासिल की थी। वो वनडे में 10 हजार रन के आंकड़े को पार करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने थे।

विराट ने इस मैच के शुरू होने से पहले 204 पारियों में 9919 रन बनाए थे। उन्हें इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए 81 रन की दरकार थी। उन्होंने 205वीं पारी खेलते हुए यह कारनामा कर दिखाया। विराट ने जैसे ही विशाखापट्टन में 81 रन के आंकड़े को पार किया वह ये कारनामा करने वाले दुनिया के 13वें और पांचवें भारतीय खिलाड़ी बन गए। विराट ने इस दौरान वनडे करियर का 37वां शतक भी पूरा किया।

सचिन के इस उपलब्धि के हासिल करने के 17 साल बाद विराट उन्हें मात देने में सफल हुए हैं। सचिन के बाद और विराट से पहले 11 अन्य खिलाड़ियों ने 10 हजार वनडे रन के आंकड़े को छुआ लेकिन कोई भी सचिन जैसी तेजी नहीं दिखा पाया। वहीं विराट ने इतनी तेजी से रन बनाए कि सचिन को 54 पारियों के अंतर से पीछे छोड़ दिया।

यह उपलब्धि हासिल करने वाले विश्व के 13वें और पांचवें भारतीय बल्लेबाज हैं। विराट से पहले महेंद्र सिंह धोनी ने इसी साल इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान 10 हजार रन पूरे किए थे। विराट से पहले सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़ और एमएस धोनी ही इस मुकाम पर पहुंच सके हैं। विराट से पहले धोनी ने इसी साल ये उपलब्धि हासिल की थी।

विराट कोहली ने सबसे कम गेंद में 10 हजार वनडे रन पूरे किए। विराट ने 10813 गेंद में दसहजारी बने। इससे पहले ये रिकॉर्ड महेंद्र सिंह धोनी के नाम दर्ज था। धोनी ने जहां 11,321 गेंदों में 10 हजार रन पूरे किए थे वहीं तीसरे पायदान पर काबिज श्रीलंका के सनत जयसूर्या ने 11,303 गेंदों में 10 हजार रन बनाए।

विराट कोहली ने अपने वनडे डेब्यू के बाद सबसे कम समय में 10 हजार रन पूरे किए। 18 अगस्त 2008 को दांबुला नें श्रीलंका के खिलाफ डेब्यू करने के बाद विराट ने 10 साल 68 दिन के अंतराल में 10 हजार रन पूरे कर लिए। उनसे पहले ये रिकॉर्ड राहुल द्रविड़ के नाम दर्ज था। डेब्यू के बाद द्रविड़ ने 10 साल 317 दिन और सचिन तेंदुलकर ने 11 साल 103 दिन की अवधि में वनडे क्रिकेट में दस हजारी बनने का गौरव हासिल किया।