-
Twitter

ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस (ओयूपी) ने 'संविधान' शब्द को 'वर्ष 2019 का ऑक्सफोर्ड हिंदी शब्द' घोषित किया है। ऑक्सफोर्ड ने कहा कि इस शब्द ने पिछले साल व्यापक स्तर पर अपनी ओर ध्यान खींचा है। ओयूपी ने कहा कि यह शब्द इसलिए चुना गया कि 2019 में लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को संविधान की कसौटी पर परखा गया।

साल का ऑक्सफोर्ड हिंदी शब्द एक ऐसा शब्द या अभिव्यक्ति है जिसने अपनी ओर काफी ध्यान खींचा हो और जो बीते साल के लोकाचार, मिजाज़ या व्यस्तता को प्रदर्शित करता है। ओयूपी ने कहा कि संविधान का अर्थ है , 'मूलभूत सिद्धांतों की इकाई या स्थापित दृष्टांत जिनके मुताबिक एक देश या अन्य संगठन शासित होता है।'

भारतीय संविधान के दो अहम संवैधानिक प्रावधानों- अनुच्छेद 370 और अनुच्छेद 35 (ए) के निरस्त किए जाने के साथ 'संविधान' शब्द ने अगस्त 2019 में पहली बार व्यापक स्तर पर अपनी ओर ध्यान खींचा। इन प्रावधानों को रद्द किए जाने से जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा प्रभावी रूप से हट गया।

ऑक्सफोर्ड शब्दकोशों की टीम ने अपने फेसबुक पेज के जरिए ऑक्सफोर्ड हिंदी शब्द के लिए शब्द मांगे थे और उसे हजारों शब्द मिले। साल का ऑक्सफोर्ड हिंदी शब्द भारत में ऑक्सफोर्ड शब्दकोश टीम द्वारा भाषा विशेषज्ञों की एक सलाहकार समिति की मदद से चुना गया।

इससे पहले 2018 में 'नारी शक्ति' को 'वर्ष 2018 का ऑक्सफोर्ड हिंदी शब्द' चुना गया था। वहीं, 'वर्ष 2019 का ऑक्सफोर्ड अंग्रेजी शब्द' रहा 'क्लाइमेट इमर्जेंसी'।

साभार : यह लेख मूल रूप से समाचार एजेंसी पीटीआई द्वारा अंग्रेजी में लिखा गया है. यह मूल लेख का हिंदी अनुवाद है.