-
ANI

लोकसभा चुनाव 2019 के लिए होने वाले मतदान के छह चरण निपट चुके हैं और रविवार को सातवें और अंतिम चरण में बाकी बची चंडीगढ़ और सात राज्यों की 59 सीटों पर मतदान होना है। आखिरी चरण में उत्तर प्रदेश की 13, पश्चिम बंगाल की नौ, पंजाब की 13, बिहार की आठ, झारखंड की तीन, हिमाचल प्रदेश की चार, मध्य प्रदेश की आठ और एक सीट चंडीगढ़ पर मतदान होना है।

गौरतलब है कि चंडीगढ़ और सात राज्यों के लिए चुनाव प्रचार जहां शुक्रवार शाम खत्म हुआ, वहीं पश्चिम बंगाल में हिंसा की कई घटनाओं के मद्देनजर चुनाव आयोग ने गुरुवार को ही चुनाव प्रचार खत्म करने का आदेश दिया था। आखिरी चरण के लिए कुल 918 उम्मीदवार मैदान में हैं।

चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की जिसमें प्रधानमंत्री मोदी भी मौजूद थे। हालांकि पत्रकारों के सवालों के जवाब अमित शाह ने ही दिए। बीजेपी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के वक्त ही कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने मीडिया को संबोधित किया। हालांकि, वह पीएम पद के उम्मीदवार पर कुछ भी बोलने से बचते दिखे।

आखिरी चरण में प्रधानमंत्री मोदी की लोकसभा सीट वाराणसी में भी मतदान होना है। प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी में कुछ दिन पहले ही रोडशो किया था, जिसमें उन्होंने अपना शक्ति प्रदर्शन किया। वाराणसी से कांग्रेस की तरफ से अजय राय और गठबंधन की तरफ से शालिनी यादव मैदान में हैं। बीच में गठबंधन ने बीएसएफ के पूर्व जवान तेजबहादुर को टिकट दे दिया था, लेकिन उनका नामांकन रद्द हो गया।

-
ANI

आखिरी चरण में कई दिग्गज मैदान में हैं। पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल फिरोजपुर सीट से और उनकी पत्नी हरसिमरत कौर भटिंडा सीट से चुनाव लड़ रही हैं। इन दोनों ही सीटों पर 19 मई यानी रविवार को वोट डाले जाएंगे। केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी अमृतसर सीट से और पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह बादल की पत्नी प्रणीत कौर पटियाला सीट से मैदान में हैं। तीन बार से सांसद अनुराग ठाकुर हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन दुमका से और पूर्व केंद्रीय मंत्री पीके बंसल चंडीगढ़ से चुनाव लड़ रहे हैं। चंडीगढ़ में बीजेपी की सांसद किरन खेर से उनका मुकाबला है।

पंजाब की गुरदासपुर सीट से अभिनेता सनी देओल को टिकट दिया गया है। यहां विनोद खन्ना के निधन के बाद उपचुनाव हुए थे। वहीं होशियारपुर में इस बार बीजेपी की ओर से सोम प्रकाश मैदान में हैं। यहां के मौजूदा सांसद और केंद्रीय मंत्री विजय सांपला को टिकट नहीं मिल सका। इसके अलावा पूर्वांचल की बात करें तो गोरखपुर सीट से भोजपुरी अभिनेता रवि किशन की किस्मत का फैसला होना है। योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद हुए उपचुनाव में बीजेपी यहां चुनाव हार गई थी और एसपी की जीत हुई थी।

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीरTwitter

उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय चंदौली से दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं और इसी के कारण सीट का महत्व बढ़ जाता है। चंदौली में मोदी लहर में पांडेय ने 2014 के लोकसभा चुनाव में यहां जीत दर्ज की थी। समाजवादी पार्टी (सपा) ने यहां से जनवादी पार्टी के संजय चौहान को मैदान में उतारा है।

पटना साहिब की लोकसभा सीट पर भी रविवार को मतदान होगा। यहां से केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद चुनाव लड़ रहे हैं। उनके विरोध में कांग्रेस की तरफ से अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा मैदान में हैं। बता दें कि शत्रुघ्न सिन्हा पटना साहिब से ही सांसद हैं, लेकिन वह 2014 में बीजेपी के टिकट पर चुनाव जीते थे। हाल ही में वह कांग्रेस में शामिल हुए थे।