सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर

दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के बीच लोकसभा चुनावों के लिये गठबंधन पर बीते कई दिनों से चली आ रही उहापोह और अफवाहों का सिलसिला आज खत्म हो गया है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राज्य में गठबंधन से इनकार कर दिया है।

विशाखापत्तनम एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान 'आप' प्रमुख ने कहा कि उन्होंने हाल ही में गांधी से मुलाकात की थी। कांग्रेस अध्यक्ष ने 'आप के साथ चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया।'

दिल्ली कांग्रेस की अध्यक्ष शीला दीक्षित के उनसे संपर्क ना करने के बयान पर केजरीवाल ने कहा, 'हमने राहुल गांधी से मुलाकात की थी। दीक्षित इतनी महत्वपूर्ण नेता नहीं हैं।'

दिल्ली सीएम के इस बयान के बाद राज्य में अब त्रिकोणीय मुकाबला होना तय हो गया है। बता दें कि रविवार को दिल्ली की पूर्व सीएम और प्रदेश कांग्रेस कमिटी अध्यक्ष शीला दीक्षित ने कहा था कि सोमवार तक आप-कांग्रेस गठबंधन पर तस्वीर साफ हो जाएगी। उन्होंने कहा था कि इस बारे में आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।

कांग्रेस द्वारा कोई आधिकारिक बयान जारी होने से पहले ही केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली में लोकसभा चुनावों के लिए आप से गठबंधन करने से इनकार कर दिया है। दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने इकनॉमिक टाइम्स से भी बताया कि कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं होने जा रहा है। उन्होंने कहा, 'हमने राहुल गांधी के साथ बैठक की थी लेकिन उन्होंने गठबंधन से इनकार कर दिया।'

बता दें कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल अपनी तरफ से बार-बार बीजेपी को हराने के लिए गठबंधन का ऑफर देते रहे हैं। केजरीवाल ने दिल्ली के साथ पंजाब और हरियाणा में भी कांग्रेस को गठबंधन का ऑफर दिया है। दिल्ली कांग्रेस में भी गठबंधन को लेकर एक राय नहीं है। पी सी चाको जहां आप से गठबंधन को लेकर जोर दे रहे थे तो शीला दीक्षित इसके खिलाफ थीं। पहले अजय माकन भी गठबंधन के खिलाफ थे, लेकिन बाद में इन्होंने इसका समर्थन किया था।

शनिवार को कांग्रेस प्रदेश कमिटी की हुई बैठक में आप के साथ गठबंधन पर आखिरी फैसला अध्यक्ष राहुल गांधी पर छोड़ दिया गया था। केजरीवाल के बयान के बाद कांग्रेस और आप के बीच गठबंधन की उम्मीद खत्म हो गई है। अब दिल्ली की 7 सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला होगा। बता दें कि 2014 के चुनाव में बीजेपी ने दिल्ली की सभी 7 सीटें जीती थीं।

आप दिल्ली से अपने सभी 7 प्रत्याशियों का ऐलान पहले ही कर चुकी है। पार्टी ने दो मार्च को दिल्ली की कुल सात लोकसभा सीटों में से छह सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया था। आप ने बाद में एक अन्य उम्मीदवार की घोषणा की थी। पार्टी ने पूर्वी दिल्ली से आतिशी, उत्तर पश्चिमी दिल्ली से गुग्गन सिंह, दक्षिणी दिल्ली से राघव चड्ढा, उत्तर-पूर्वी दिल्ली दिलीप पांडे, चांदनी चौक से पंकज गुप्ता तथा नई दिल्ली सीट से ब्रृजेश गोयल चुनाव के नाम की घोषणा की थी। इसके अलावा पश्चिमी दिल्ली से बलबीर जाखड़ को उम्मीदवार बनाने का ऐलान किया था।