-
Amlan Paliwal/IANS

नरेंद्र मोदी के गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में लगातार दूसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद 57 सदस्यीय मंत्रिपरिषद ने भी शपथ ली। शुक्रवार दोपहर तक पीएम नरेंद्र मोदी के मंत्रियों के विभागों का बंटवारा हो चुका है।

पिछली सरकार में गृह मंत्री रहे राजनाथ सिंह को इस बार रक्षा मंत्री बनाया गया है जबकि पहली बार केंद्र सरकार में शामिल अमित शाह को देश का नया गृह मंत्री बनाया गया है। नितिन गडकरी को एक बार फिर सड़क एवं परिवहन मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। निर्मला सीतारमण अगली वित्त मंत्री होगी जबकि पूर्व विदेश सचिव एस. जयशंकर को देश का नया विदेश मंत्री बनाया गया है।

-
Twitter

डॉ. हर्षवर्धन को हेल्थ मिनिस्टर की जिम्मेदारी दी गई है। प्रकाश जावड़ेकर को पर्यावरण एवं वन मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पीयूष गोयल को रेल मंत्री बनाया गया है। धर्मेंद्र प्रधान को पेट्रोलियम मंत्री बनाया गया है। मुख्तार अब्बास नकवी को अल्पसंख्यक मामलों का मंत्री बनाया गया है। प्रहलाद जोशी को संसदीय कार्यमंत्री बनाया गया है। महेंद्र नाथ पांडेय को स्किल डिवेलपमेंट मंत्री बनाया गया है।

रामविलास पासवान को खाद्य मंत्री बनाया गया है। रविशंकर प्रसाद को कानून मंत्री बनाया गया है। हरसिमरत कौर बादल को फूड प्रोसेसिंग मंत्री बनाया गया है। थावरचंद गहलोत को सामाजिक न्याय मंत्री बनाया गया है। रमेश पोखरियाल निशंक को केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री बनाया गया है। अर्जुन मुंडा को जनजाति विभाग का मंत्री बनाया गया है।

स्मृति इरानी को महिला एवं बाल विकास मंत्री बनाया गया है। पिछली सरकार में यह जिम्मेदारी मेनका गांधी के पास था।

डी वी सदानंद गौड़ा को रसायन एवं उर्वरक मंत्री बनाया गया है। नरेंद्र सिंह तोमर को कृषि मंत्री के साथ साथ ग्रामीण विकास मंत्रालय एवं पंचायती राज की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। गजेंद्र सिंह शेखावत को जल शक्ति मंत्री बनाया गया है।

-
Twitter

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में संतोष कुमार गंगवार को श्रम एवं नियोजन मंत्री बनाया गया है। राव इंद्रजीत सिंह को सांख्यिकी मंत्री बनाया गया है। श्रीपद नाईक को रक्षा राज्य मंत्री एवं आयुर्वेद और योगा मंत्री बनाया गया है। जीतेंद्र सिंह को पीएमओ का मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा जीतेंद्र सिंह को उत्तर-पूर्व क्षेत्र विकास मंत्री की भी जिम्मेदारी दी गई है। किरण रिजिजू को युवा एवं खेल मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई हऐ। प्रहलाद सिंह पटेल को संस्कृति मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अरुण जेटली, सुषमा स्वराज और उमा भारती भी इस बार कैबिनेट में नहीं हैं। जेटली ने स्वास्थ्य का हवाला देते हुए सरकार में शामिल न किए जाने का अनुरोध किया था जबकि स्वराज और भारती ने लोकसभा चुनाव ही नहीं लड़ा था। मोदी सरकार-1 के कई कैबिनेट मंत्रियों को नई सरकार में जगह नहीं मिली है। बीजेपी के नेताओं मेनका गांधी, सुरेश प्रभु, जेपी नड्डा, राधा मोहन सिंह को इस बार मंत्री नहीं बनाया गया।

कैबिनेट मंत्रियों के अलावा राज्य मंत्री रैंक के भी राज्यवर्धन सिंह राठौड़, महेश शर्मा, जयंत सिन्हा, एसएस अहलुवालिया, विजय गोयल, के. अल्फोंस, रमेश जिगाजिनागी, मनोज सिन्हा, राम कृपाल यादव, अनंत कुमार हेगडे़, अनुप्रिया पटेल, सत्यपाल सिंह को भी मंत्रिपरिषद में शामिल नहीं किया गया है। इन पूर्व मंत्रियों में से के. अल्फोंस और मनोज सिन्हा चुनाव हार गए जबकि बाकी जीतकर संसद पहुंचे हैं।