Twitter / @ANI
2photo slide
Twitter / @ANI

हिंद महासागर में चीन अपनी आवाजाही और प्रभाव बढ़ाने की कोशिशों में लगा है। भारतीय नौसेना ने चीन के दो युद्धपोतों का पता लगाया है, जो भारतीय जलसीमा के काफी करीब थे। नौसेना के P-8I खुफिया विमानों ने दक्षिण हिंद महासागर क्षेत्र में चीन के युद्धपोत शियान-32 को सफलतापूर्वक ट्रैक किया।

भारत के सर्विलांस विमान ने चीनी युद्धपोत के ऊपर से तस्वीरें भी ली हैं, जिसमें उसका लैंडिंग प्लैटफॉर्म डॉक दिखाई दे रहा है। क्षेत्र में चीन के जंगी जहाज होने से भारतीय नौसेना भी अलर्ट है।

नौसेना के सूत्रों ने बताया है कि ये तस्वीरें सितंबर के पहले 15 दिनों के भीतर की हैं। चीन का यह युद्धपोत कुछ समय बाद ही श्रीलंका के जलक्षेत्र में दाखिल हो गया। भारत के टोही विमान ने चीन के युद्धपोत की लगातार निगरानी की और उसकी मूवमेंट पर अपडेट देता रहा।

इसके अलावा भारतीय निगरानी विमान P-8I ने चीन के एक और युद्धपोत को ट्रैक किया, जो अदन की खाड़ी में ऐंटी-पाइरेसी मिशन में शामिल था।

चीन का यह जंगी जहाज सोमाली समुद्री लुटेरों से अपने देश के कारोबारियों के हितों की सुरक्षा करने के लिए तैनात किया गया था। इसकी तस्वीर थोड़ी दूर से उस समय ली गई जब यह हिंद महासागर से गुजर रहा था।

साभार : यह लेख मूल रूप से समाचार एजेंसी एएनआई द्वारा अंग्रेजी में लिखा गया है। यह मूल लेख का हिंदी अनुवाद है।