-
केआईए पर अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी

पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने सोमवार 24 फरवरी को बताया कि भगोड़े गैंगस्टर रविप्रकाश सुल्या पुजारी उर्फ रवि पुजारी को सफलतापूर्वक दक्षिण अफ्रीका से बेंगलुरु लाया गया। गौरतलब है कि उसे एक दिन पहले ही सेनेगल में गिरफ्तार किया गया था।

सेनेगल से गिरफ्तार किए जाने के बाद पुजारी को सोमवार की सुबह वापस भारत लाया गया। गैंगस्टर, हत्या और जबरन वसूली जैसे अपराधों के लिए वांछित पुजारी को सेनेगल से प्रत्यर्पित किया गया और बेंगलुरु पुलिस द्वारा लगभग 1:15 बजे एयर फ्रांस की फ्लाइट से देर रात रवि को बेंगलुरु एयरपोर्ट लाया गया। बता दें कि पिछले साल सेनेगल में गिरफ्तारी और फिर जमानत मिलने के बाद वह लापता हो गया था।

कर्नाटक पुलिस की 4 सदस्यीय टीम पुजारी को लाई बेंगलुरु

सिटी क्राइम ब्रांच के डिप्टी कमिश्नर कुलदीप जैन के मुताबिक, "4 सदस्यीय कर्नाटक पुलिस की टीम पुजारी को अफ्रीका के सेनेगल से प्रत्यर्पित के बाद पेरिस के रास्ते एयर फ्रांस की फ्लाइट से अलसुबह बेंगलुरु ले आई।"

पुलिस दल का नेतृत्व राज्य के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एके पांडे और बेंगलुरु के संयुक्त पुलिस आयुक्त संदीप पाटिल, एक पुलिस निरीक्षक और एक कांस्टेबल कर रहे थे।

-

पुजारी को बेंगलुरु की अदालत में पेश किया जाएगा

जैन ने कहा, "पुजारी को न्यायिक हिरासत के लिए शहर के अतिरिक्त सिटी मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट (एसीएमएम) अदालत में पेश किया जाएगा,"

पुजारी को कड़ी सुरक्षा के बीच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से शहर के किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया।

पुलिस के मुताबिक, हत्या और जबरन वसूली सहित 200 से अधिक मामलों में वांछित गैंगस्टर को पिछले साल जनवरी में सेनेगल अधिकारियों ने कई सालों तक फरार रहने के बाद गिरफ्तार किया था।

भारत ने भगोड़े गैंगस्टर रवि पुजारी को भारत में प्रत्यर्पित करने के सेनेगल सरकार के फैसले की सराहना की है। अधिकारिक सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि भारत ने 2019 की शुरुआत में पुजारी के प्रत्यर्पण के लिए सेनेगल से अनुरोध किया था। पुजारी गैंगस्टर छोटा राजन के साथ जुड़ा हुआ था लेकिन उसने भगोड़े अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के लिए भी काम किया था।

कौन हैं रवि पुजारी?

  • रवि पुजारी 15 साल से अधिक समय से फरार चल रहा था और 200 से अधिक मामलों में वांछित था।
  • उसके खिलाफ जबरन वसूली, हत्या और फिरौती के कई मामले दर्ज हैं।
  • कर्नाटक में उसके खिलाफ 101 मामले दर्ज हैं।
  • गुजरात में 10 मामले दर्ज हैं जिनमें अधिकतर हत्या और जबरन वसूली के थे।
  • इससे पहले 2000 में, उन्होंने प्रसिद्ध बॉलीवुड हस्तियों और बिल्डरों से वसूली करना शुरू किया था।
  • मुंबई के एक प्रमुख वकील की हत्या के प्रयास में शामिल था।
  • 2002 में उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था।
  • पुजारी शुरू में गैंगस्टर छोटा राजन से जुड़ा था।
  • भगोड़े अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के लिए काम किया।
  • रवि पुजारी ने सेनेगल से अपना अंडरवर्ल्ड रैकेट चलाने वाले एक अलग पहचान के साथ खुद को एक होटल व्यवसायी के रूप में स्थापित किया।
  • कुछ साल पहले एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में रवि पुजारी ने खुद को 'देशभक्त डॉन' के रूप में पेश किया। उस इंटरव्यू में पुजारी ने कहा कि वह हर उस शख्स को खत्म कर देना चाहता है, जिसका लिंक दाऊद इब्राहिम, छोटा शकील और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से है।