-
Reuters file

इथोपिया के अदिस अबाबा से नैरोबी जा रही इथोपियन एयरलाइंस की एक फ्लाइट उड़ान भरने के 6 मिनट के अंदर ही क्रैश हो गई जिसमें सभी 157 लोगों को मौत हो गई। मृतकों में149 पैसेंजर्स और 8 क्रू मेंबर्स शामिल थे। इथोपियन एयरलाइन हादसे में मरने वालों में कनाडा, चीन, अमेरिका, फ्रांस, ब्रिटेन और इथोपिया के नागरिक शामिल हैं।

मृतकों में 4 भारतीयों के होने की भी खबर है। इनमें सैलानी, कारोबारी और भारतीय पर्यावरण मंत्रालय में सलाहकार शिखा गर्ग शामिल थीं, जो यूएनईपी की बैठक में हिस्सा लेने जा रही थी।

इथोपिया के प्रधानमंत्री ने विमान हादसे की पुष्टि की है। इथोपिया एयरलाइंस का यह विमान स्थानीय समय से सुबह 8.38 मिनट पर अदिस अबाबा से उड़ान भरा था और सुबह करीब 8.44 मिनट पर उसका संपर्क टूट गया। राहत और बचाव अभियान जारी है।

फ्लाइट ईटी 302 राजधानी अडिस से करीब 60 किलोमीटर दूर बिशोफ्टु शही में यह हादसा हुआ है। एयरलाइन ने बताया कि जिस प्लेन में हादसा हुआ है वह 737-800 मैक्स था। इथोपिया के पीएम ने ट्वीटर पर इस हादसे को लेकर दुख जताया है।

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा है कि इंथोपियन एयरलाइंस विमान हादसे में मारे गए लोगों में पर्यावरण मंत्रालय की एक सलाहकार सहित चार भारतीय शामिल हैं।

सुषमा ने ट्विटर पर कहा, '' मुझे इथोपियन एयरलाइन के विमान ईटी 302 के दुर्घटना ग्रस्त होने का पता चलने पर बहुत दुख हुआ। इस दुघर्टना में हमने अपने चार भारतीय नागकरिकों को खोया है। मैंने इथोपिया में भारतीय उच्चायुक्त से शोकसंतप्त परिवारों की हर मदद करने को कहा है।''

उन्होंने कहा कि इथोपिया स्थित भारतीय दूतावास ने उन्हें बताया है कि मृतक भारतीय नागरिकों में वैद्य पन्नागेश भास्कर, वैद्य हंसिन अन्नगेश, नुकवरपु मनीषा और शिखा गर्ग शामिल हैं।

विदेश मंत्री ने कहा, '' मेरे सहयोगी डॉ हर्षवर्धन ने पुष्टि की है कि शिखा गर्ग पर्यावरण एवं वन विभाग में सलाहकार थीं। वह नैरोबी में यूएनईपी की बैठक में हिस्सा लेने जा रही थी।''

उन्होंने कहा कि वह भारतीय नागरिकों के परिवारों से संपर्क करने की कोशिश कर रही हैं।