-
Twitter / @ANI

राष्ट्रीय राजधानी में 2020 के विधानसभा चुनावों से पहले, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार, 3 जून को महिलाओं के लिए दिल्ली मेट्रो और डीटीसी बसों सहित सार्वजनिक परिवहन में मुफ्त सवारी की घोषणा की। आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा हाल ही में संपन्न आम चुनाव में सभी सात लोकसभा सीटों पर सफाया होने के लगभग 10 दिन बाद यह घोषणा की गई है।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, अरविंद केजरीवाल ने कहा कि महिलाओं की मुफ्त सवारी योजना का खर्च, जो लगभग 1200 करोड़ रुपये होगा दिल्ली सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने बसों और मेट्रो में महिलाओं के मुफ्त सफर के फैसले पर कहा, 'आम परिवारों की बेटियां जब कॉलेज के लिए निकलती हैं, महिलाएं नौकरी के लिए निकलती हैं तो लोगों का दिल धक-धक करता रहता है। उनकी सुरक्षा की चिंता बनी रहती है। उसको ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार ने निर्णय लिया है कि सभी डीटीसी बसों, मेट्रो और क्लस्टर बसों में महिलाओं का किराया फ्री किया जाएगा। हमारा उद्देश्य है कि महिलाएं ज्यादा से ज्यादा पब्लिक ट्रांसपॉर्ट का इस्तेमाल कर सकें।'

दिल्ली के सीएम ने महिलाओं से यह भी आग्रह किया कि जो महिलाएं किराया वहन करने में सक्षम हैं, वह सब्सिडी का प्रयोग न करें। उन्होंने कहा, 'इसमें प्रावधान ऐसा होगा कि कुछ महिलाएं किराया अफोर्ड कर सकती हैं, तो हम उनको प्रोत्साहित करेंगे कि सब्सिडी का इस्तेमाल न करें। अधिकारियों को 1 हफ्ते का टाइम दिया गया है कि डिटेल प्रपोजल बनाकर लाएं। कोशिश करेंगे कि 2-3 महीने में इस व्यवस्था को लागू किया जा सके।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था को शुरू करने में जो भी खर्चा है वह दिल्ली सरकार देगी। उन्होंने कहा, पहले हमने केंद्र सरकार को किराया नहीं बढ़ाने का निवेदन किया, फिर 50-50 पार्टनरशिप में सब्सिडीका निवेदन किया, लेकिन केंद्र सरकार नहीं मानी। हम पूरे खर्चे का वहन करने जा रहे हैं और इसके लिए केंद्र सरकार से अप्रूवल की जरूरत नहीं है।'

दिल्ली के सीएम से जब इस योजना के लिए होनेवाले खर्च का ब्यौरा पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मोटे तौर पर बचे हुए 6-7 महीने में 700 से 800 करोड़ तक का खर्चा होगा। उन्होंने कहा, '30 से 33% महिलाएं हैं जो मेट्रो और बसों में सफर करती हैं। कुल मिलाकर इस साल के बचे हुए महीनों में यह खर्चा 700 से 800 करोड़ तक का हो सकता है। अधिकारियों से 1 सप्ताह में इसकी विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।'

दिल्ली में महिलाओं के सफर को सुरक्षित बनाने पर जोर देते हुए आप संयोजक ने कहा, 'क्लस्टर बसों में मार्शल तैनात किए जाएंगे और पोस्टर भी लगाए जाएंगे कि इस बस में मार्शल तैनात हैं। डीटीसी की सभी बसों में कैमरा लगाने का काम इस साल में पूरा किया जाएगा। डीटीसी बसों में पहले से ही मार्शल तैनात हैं और हम पोस्टर भी लगाएंगे ताकि महिलाओं को पता रहे कि बस में मॉर्शल तैनात हैं।'