-
Twitter / @ANI

नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में देश की राजधानी दिल्ली के जामिया इलाके में चल रहा प्रदर्शन रविवार, 15 दिसंबर की शाम काफी उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों ने दक्षिण दिल्ली की न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में जमकर तांडव मचाते हुए 3 बसों और कुछ मोटरसाइकलों को आग के हवाले कर दिया।

आग बुझाने के लिए मौके और तत्काल 4 दमकल वाहनों को भेजा गया लेकिन उग्र प्रदर्शनकारियों ने एक दमकल वाहन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया जिसमे 2 दमकलकर्मी जख्मी हो गए।

प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। पथराव करने प्रदर्शनकारियों पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए हैं।

इससे पहले जामिया के छात्रों ने जामिया मिलिया इस्लामिया के बाहर हिंसा को अंजाम दिया था। हालांकि रविवार को जामिया प्रशासन ने बयान जारी करते हुए स्पष्ट कर दिया है आज हो रहे प्रदर्शन में उनके विश्वविद्यालय के छात्र शामिल नहीं है।

-
Twitter / @ANI

दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने पुलिस की सलाह पर प्रदर्शन को देखते हुए सुखदेव विहार मेट्रो स्टेशन को पूरी तरह से बंद कर दिया है। यहां पर एंट्री और एग्जिट दोनों बंद है। जबकि आश्रम मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर तीन को भी बंद कर दिया गया है। सुखदेव विहार मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन नहीं रूक रही है।

उधर, दिल्ली पुलिस ने धरना प्रदर्शन की वजह से ओखला अंडरपास से सरिता विहार तक रोड को बंद कर दिया है। पुलिस ने लोगों को इन रास्तों की बजाय अन्य रूट से सफर करने की सलाह दी है।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई की नैशनल सेक्रटरी सैमन फारूकी ने बताया कि प्रदर्शनकारी मथुरा रोड पर बैठकर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज करा रहे थे तभी पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को परेशान किया। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने इसका विरोध किया तो पुलिस ने लाठीचार्ज शुरू कर दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी छोड़े। एक अन्य छात्र ने दावा किया कि पुलिस के बल प्रयोग के बाद कुछ प्रदर्शनकारियों ने बसों में आग लगा दी और तोड़फोड़ करने लगे।

नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ पिछले दो दिनों से जामिया के छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्रों ने शनिवार को भी प्रदर्शन किया था। छात्रों ने विश्वविद्यालय गेट के बाहर रास्ता जाम कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की थी। प्रदर्शन की वजह से जामिया विश्वविद्यालय ने सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी है। विश्वविद्यालय में 5 जनवरी तक छुट्टी घोषित कर दी गई है।