-
ANI

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की बहन और हाल ही पार्टी की महासचिव नियुक्त की गईं प्रियंका गांधी वाड्रा को पार्टी मुख्यालय में कमरा आवंटित किया गया है। प्रियंका गांधी को राहुल गांधी के बगल वाला कमरा आवंटित किया गया है। बताया जा रहा है राहुल गांधी महासचिव के पद पर होने के दौरान इसी कमरे में बैठा करते थे।

पार्टी की नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी के सोमवार को देश लौटीं हैं। उम्मीद की जा रही है कि प्रियंका गांधी इसी सप्ताह लखनऊ भी जाएंगी। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रियंका गांधी को राष्ट्रीय महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाने की घोषणा 23 जनवरी को की थी। उनके साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रियंका गांधी के विदेश में होने के कारण अभी उन्होंने विधिवत कार्यभार नहीं ग्रहण किया है और इसीलिए अहम फैसले नहीं लिए जा सके। पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रियंका के आने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी की सोमवार देर रात तक मैराथन बैठक चली।

बैठक में लोकसभा चुनाव को लेकर यूपी में पार्टी की रणनीति का खाका तैयार हुआ। बैठक में तय हुआ कि प्रियंका प्रदेश की कौन सी लोकसभा सीट देखेंगी और ज्योतिरादित्य सिंधिया कौन-कौन सी लोकसभा सीट।

यूपी की 80 सीटों में से 33 प्रियंका देखेंगी। मोदी की सीट वाराणसी, योगी का गढ़ गोरखपुर, मुलायम की सीट आजमगढ़, ये सब प्रियंका के कार्यक्षेत्र में आएंगी। 2009 में कांग्रेस की पूर्वांचल में 15 और पूरे प्रदेश में 22 सीटें थीं। 2009 में जो वोट प्रतिशत 19 फीसदी था वह 2014 में गिरकर 9% हो गया और सीटें सिर्फ दो गई।

पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा की अगुवाई वाले एनडीए ने 42.63% हासिल करके 73 सीटों पर जीत हासिल की। 2017 के विधानसभा चुनाव में 39.67% हासिल करके 312 सीटें जीती हैं। पार्टी का वोट प्रतिशत कांग्रेस से लगभग सात गुना ज्यादा है।