सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीरJOEL SAGET/AFP/Getty Images

फेसबुक ने अपने मंच से हजारों फर्जी पेजों और खातों को हटाने की घोषणा के साथ कश्मीर को भारत व अन्य देशों से अलग बताया है।

सोशल मीडिया दिग्गज के इस कदम से यह संकेत मिला है कि कश्मीर, भारत से आजाद है। जम्मू एवं कश्मीर एक भारतीय राज्य है और नई दिल्ली ने राज्य को भारत से अलग दिखाने को अपनी क्षेत्रीय अखंडता के उल्लंघन के रूप में लिया है।

फेसबुक के साइबर सिक्युरिटी पॉलिसी के हेड ने मंगलवार को एक ब्लॉग पोस्ट में कश्मीर को भारत से एक अलग इकाई के रूप में उल्लेखित किया था।

फेसबुक के साइबर सिक्युरिटी पॉलिसी के हेड नैथनिल ग्लीचेर ने कहा, "आज, हमने 513 पेज, समूह और खाते हटाए हैं, जो ईरान से जुड़े कई नेटवर्क के हिस्से के रूप में समन्वित अमानवीय व्यवहार में संलिप्त थे।"

उन्होंने कहा, "वे मिस्र, भारत, इंडोनेशिया, इजरायल, इटली, कश्मीर, कजाकिस्तान और मध्य पूर्व व उत्तरी अफ्रीका में सक्रिय थे।"

आईएएनएस द्वारा पूछे गए सवाल पर फेसबुक ने तत्काल प्रतिक्रिया नहीं दी है।

भारत सरकार पहले ही फेसबुक पर झूठी खबरों के फैलने व राजनीतिक हस्तक्षेप को लेकर सवाल उठा चुकी है।

हटाए गए कुछ पेजों और खातों ने भारतीय राजनीति के साथ-साथ भारत व पाकिस्तान के बीच तनाव पर खबरें पोस्ट की थी।

ब्लॉग पोस्ट में कहा गया है, "उन्होंने ईरान के खिलाफ प्रतिबंध, भारत व पाकिस्तान के बीच तनाव, सीरिया व यमन में संघर्ष, आतंकवाद, इजरायल व फिलिस्तीन के बीच तनाव, इस्लामी धार्मिक मुद्दे, भारतीय राजनीति और वेनेजुएला में हालिया संकट सहित वर्तमान घटनाओं पर पोस्ट किए।"

फेसबुक ने कहा कि उसने 2,632 पेज, समूह और खातों को हटाया है, जो उसके मंच के साथ-साथ इंस्टाग्राम पर भी ईरान, रूस, मकदूनिया और कोसोवो से समन्वित अमानवीय व्यवहार में लगे हुए थे।