-
Twitter / @ANI

एग्जिट पोल के पूर्वानुमानों के मुताबिक बीजेपी महाराष्ट्र में भारी बहुमत से विधानसभा जीतने जा रही है, जहां उसका शिवसेना के साथ गठबंधन है। इसी तरह हरियाणा में भी बीजेपी को प्रचण्ड जीत मिलने का अनुमान जताया गया है। महाराष्ट्र की 288 और हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए सोमवार को मतदान हुआ है। दोनों ही राज्यों के नतीजे 24 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

अगर ये भविष्यवाणी सच हुई तो कांग्रेस की अगुवाई वाले गठबंधन के लिए यह बहुत बड़ा झटका होगा। दोनों राज्यों में विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद आए विभिन्न एग्जिट पोल के नतीजों में विपक्षी गठबंधन की सीटों को लेकर अनुमानों में कुछ अंतर जरूर है, लेकिन सभी में एक बात समान है कि बीजेपी की अगुवाई वाले राजग को महाराष्ट्र और हरियाणा में दो-तिहाई बहुमत मिलने जा रहा है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल और महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस की अग्निपरीक्षा माना जा रहा है, जो चुनाव में पार्टी का चेहरा हैं। हरियाणा में बीजेपी साल 2014 में पहली बार जीती थी। वहीं, महाराष्ट्र में 15 साल के एनसीपी-कांग्रेस गठबंधन को हराकर बीजेपी-शिवसेना गठबंधन ने सत्ता में वापसी की थी।

महाराष्ट्र में बीजेपी, शिवसेना और अन्य छोटे दलों के गठबंधन 'महायुति' और कांग्रेस तथा राकांपा के गठबंधन 'महाआघाडी' के बीच मुकाबला है।

आजतक-एक्सिस माय इंडिया के सर्वे में महाराष्ट्र में बीजेपी गठबंधन को 166 से 194 सीटों का अनुमान जताया गया है। इसमें शिवसेना को 57-70 और बीजेपी को 109 ये 124 तक सीट मिलने का अनुमान है। कांग्रेस गठबंधन को 72 से 90 सीटें मिल सकती हैं। इसमें एनसीपी को 40-50 और कांग्रेस को 32-40 सीटें मिल सकती हैं। जबकि अन्यों के हिस्से भी 22-34 सीटें जा सकती हैं।

सी वोटर के सर्वे में भी महाराष्ट्र में बीजेपी गठबंधन को 204 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि कांग्रेस गठबंधन को 69 सीटों पर संतोष करना पड़ सकता है। वहीं 15 सीटें अन्य के खाते में भी जा सकती हैं।

न्यूज 18 के सर्वे में बीजेपी और शिवसेना के 243 सीटों के साथ सबसे आगे रहने का अनुमान है। इसमें बीजेपी को 130 और शिवसेना को 113 सीटें मिल सकती हैं। वहीं कांग्रेस और एनसीपी गठबंधन को 41 सीटें मिल सकती हैं। इसमें कांग्रेस को 21 और एनसीपी को 20 सीटें मिलने का अनुमान है। जबकि अन्य के खाते में 4 सीटें जा सकती हैं।

जन की बात के सर्वे में महाराष्ट्र में बीजेपी 135 और शिवसेना 81 सीटों के साथ सत्ता में वापसी कर सकती हैं। वहीं एनसीपी 41 और कांग्रेस 24 सीटों पर सिमट सकती हैं। राज्य में अन्य को 7 सीटें मिलने का अनुमान है।

ऐसा अनुमान है कि हरियाणा में बीजेपी की जीत और बड़ी होगी। एबीपी-सीवोटर ने हरियाणा में बीजेपी को 72 सीटें और कांग्रेस को आठ सीटें मिलने की भविष्यवाणी की है। सीएनएन-इप्सॉस का अनुमान है कि बीजेपी और कांग्रेस को क्रमशः 75 और 10 सीटें मिलेंगी।

-
Twitter / @ANI

राजग द्वारा जारी किए गए सभी एग्जिट पोल के औसत की बात करें तो हरियाणा में बीजेपी को 66 सीटें और कांग्रेस को 14 सीटें मिल सकती हैं। इस तरह महाराष्ट्र में बीजेपी गठबंधन को 211 सीटें और कांग्रेस गठबंधन को 64 सीटें मिलने का अनुमान है।

महाराष्ट्र में साल 2014 में हुए विधानसभा चुनाव परिणाम पर नजर डाले तो भारतीय जनता पार्टी 123 सीटें हासिल कर सबसे बड़े दल के रूप में उभरी थी। ऐसा पहला मौका था जब महाराष्ट्र में बीजेपी को इतनी सीटें हासिल हुई थीं। जबकि 63 सीटों के साथ शिवसेना दूसरे नंबर पर थी। और कांग्रेस के खाते में 42 और राकांपा के खाते में 41 सीटें आई थी। जबकि 1 सीट अन्य के खाते में गई थी।

साल 2014 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 47 सीट, इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने 19 जबकि कांग्रेस ने 15 सीटें जीती थीं। वहीं हरियाणा जनहित कांग्रेस (एचजेसी) ने दो सीट, शिरोमणी अकाली दल (शिअद) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने एक-एक सीटें जीती थीं। पांच निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी यहां चुनाव में जीत दर्ज की थी।

साभार : यह लेख मूल रूप से समाचार एजेंसी पीटीआई द्वारा अंग्रेजी में लिखा गया है। यह मूल लेख का हिंदी अनुवाद है।