-
ANI

रविवार सुबह एक के बाद एक हुए लगातार 6 धमाकों से पूरा श्रीलंका दहल गया है। रविवार को हुए इन धमाकों में 3 चर्च और 3 फाइव स्टार होटलों को निशाना बनाया गया है। न्यूज एजेंसी एएफपी ने बताया कि धमाकों में कम से कम 137 लोग मारे गए हैं, जबकि 400 के आसपास घायल हैं।

श्रीलंकन पुलिस ने बताया है कि विस्फोट राजधानी कोलोंबो के कई आलीशान होटलों और एक चर्च में हुआ है, जबकि दो अन्य धमाके कोलंबो के बाहर चर्च में हुए हैं। दरअसल यह धमाका उस समय हुआ, जब ईस्टर की प्रार्थना के लिए लोग चर्च में एकत्रित हुए थे। चर्च के बाहर भीड़ थी। पुलिस ने बताया कि स्थानीय समयनुसार पहला धमाका सुबह 8:45 पर हुआ। हालांकि, अभी तक किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

कोलंबो नैशनल हॉस्पिटल के प्रवक्ता डॉक्टर समिंडी समाराकून का कहना है कि करीब 280 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। न्यूज एजेंसी एएफपी का कहना है कि मरने वालों की सबसे ज्यादा संख्या कोलंबो में है, जहां 3 फाइव स्टोर होटल और एक चर्च को निशाना बनाया गया है। बम धमाके के बाद श्रीलंका के प्रधानमंत्री ने सुरक्षा समिति की आपातकालीन बैठक बुलाई है।

-
Twitter

यह धमाका उस समय हुआ, जब ईस्टर की प्रार्थना के लिए लोग चर्च में एकत्रित हुए थे। पुलिस ने बताया कि स्थानीय समयनुसार पहला धमाका सुबह 8:45 पर हुआ। अभी तक किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। नेगोम्बो के सेबेस्टियन चर्च ने एक फेसबुक पोस्टर लिखा, 'हमारे चर्च में एक बम धमाका हुआ है। कृपया आइए और हमारी मदद कीजिए।'

पुलिस प्रवक्ता रूवन गुनासेकेरा ने बताया कि यह विस्फोट स्थानीय समयानुसार आठ बजकर 45 मिनट पर ईस्टर प्रार्थना सभा के दौरान गिरजाघरों में हुआ। पुलिस ने बताया कि हमले में तीन गिरजाघरों- कोलंबो के सेंट एंथनी, पश्चिमी तटीय शहर नेगेम्बो के सेंट सेबैस्टियन चर्च और बाटिकालोआ के एक चर्च को निशाना बनाया गया है। तीन अन्य विस्फोट पंच सितारा होटलों-शंगरीला, द सिनामोन ग्रांड और द किंग्सबरी में हुआ।

श्रीलंका राष्ट्रपति के राष्ट्रपति मैथरीपाला सिरीसेना ने कहा कि वह हमले की खबर के बाद से सदमे में हैं। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं वहां के वित्त मंत्री मंगला समरवीरा ने अपनी ट्वीटर पर लिखा, 'हमले में कई निर्दोष लोग मारे गए हैं। यह हमला पूरी तैयारी के साथ किया गया, ताकि हत्या कर अराजकता फैलाई जा सके।'

कोलंबो में धमाके की खबर के बाद भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट कर कहा कि मैं कोलंबो में भारतीय हाई कमीशनर के लगातार सम्पर्क में हूं। हम स्थिति पर पूरी तरह नजर बनाए हुए हैं। श्रीलंका में भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।

भारतीय दूतावास की ओर से ट्वीट किया गया है, जिसमें लिखा है 'कोलंबो और बट्टीकालोआ में धमाके की खबरे हैं। हम स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। मदद या किसी जानकरी के लिए भारतीय नागरिक इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं: +94777903082 +94112422788 +94112422789। श्रीलंका के नंबरों के अलावा इन भारतीय नंबरों पर भी संपर्क कर सकते हैं: +94777902082 +94772234176।