सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर

3 जून को असम के एयरबेस से उड़ान भरने के बाद 13 यात्रियों सहित लापता हुए भारतीय वायुसेना के विमान एएन-32 का मलबा अरुणाचल प्रदेश के सियांग जिले में दिखाई दिया है। भारतीय वायुसेना ने भी लापता विमान का मलबा मिलने की पुष्टि की है। इससे पहले अरुणाचल प्रदेश के सियांग जिले के एक गांव में भारतीय वायुसेना के चॉपर एमआई-17 को विमान के मलबे जैसा कुछ दिखाई दिया था। वायुसेना ने अरुणाचल प्रदेश पुलिस को इस बारे में आगाह किया था।

भारतीय वायुसेना ने बारे में जानकारी देते हुए ट्वीट किया, 'लापता एएन-32 विमान का मलबा लिपो से 16 किलोमीटर दूर दिखा है। एमआई-17 हेलिकॉप्टर को सर्च ऑपरेशन के दौरान करीब 12 हजार फीट ऊंचाई पर टाटो के उत्तर-पूर्व में यह मलबा दिखाई दिया है।'

इसके अलावा भारतीय वायुसेना ने आगे जोड़ा, "मलबा मिलने के बाद अब एयरफोर्स ग्राउंड टीम के जरिए उसमें सवार लोगों की स्थिति के बारे में जानकारी जुटाएगी। वायुसेना ने ग्राउंड टीम को विमान का मलबा मिलने के बाद उसमें सवार रहे 13 लोगों के बारे में पता लगाने का निर्देश दिया है।"

विमान के लापता होने के बाद से ही भारतीय वायुसेना का चॉपर एमआई 17 इलाके की छानबीन में लगा हुआ था। मंगलवार दोपहर सियांग जिले के गेट गांव के पास एमआई 17 को विमान के मलबे जैसा कुछ दिखाई दिया जिसके बाद वायुसेना ने इसे लापता विमान एएन 32 का मलबा बताया।

आपको बता दें कि 3 जून को असम के एयरबेस से उड़ान भरने के बाद क्रू मेंबर और एयरफोर्स के 13 लोगों के साथ एएन- 32 अरुणाचल प्रदेश के मेचुका घाटी स्थित मेचुका अडवांस्ड लैंडिंग ग्राउंड जा रहा था। विमान में मौजूद रहे लोगों का पता लगाने के लिए इस इलाके में अब कमांडोज को हेलिड्रॉप किया जाएगा और ग्राउंड पार्टी को वहां तक पहुंचने में 1-2 दिन लग सकते हैं। इलाके में घने जंगल हैं, इसलिए मलबे वाली जगह तक पहुंचना काफी कठिन है।

विमान का पता लगाने के लिए जारी सर्च ऑपरेशन में सुखोई-30, सी130 जे सुपरहर्क्युलिस, पी-8 आई एयरक्राफ्ट, ड्रोन और सेटलाइट्स को लगाया गया था। इस अभियान में वायुसेना के अलावा नौसेना, सेना, खुफिया एजेंसियां, आईटीबीपी और पुलिस के जवान भी लगे हुए थे।

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर

भारतीय वायुसेना ने ट्विटर के जरिये लापता रूसी मूल के एएन- 32 विमान के बारे में विश्वसनीय जानकारी प्रदान करने वाले किसी भी व्यक्ति को 5 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की। एयर मार्शल, आरडी माथुर ने नकद इनाम की घोषणा की। इसके अलावा वायुसेना द्वारा लोगों को वायु सेना से संपर्क करने के लिए फोन नंबर 0378-3222164, 9436499477, 9402077267 और 9402132477 भी जारी किये गए थे

गौरतलब है कि बारिश और खराब मौसम के चलते तलाशी और बचाव अभियान में देरी हुई।

भारतीय वायुसेना ने अबतक कथित तौर पर एएन -32 विमानों के क्रैश या लापता होने के चार मामले दर्ज किये हैं।

2016 में एक ऐसे ही मामले में, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के पोर्ट ब्लेयर से चेन्नई के लिए 29 यात्रियों सहित उड़ान भरने वाला एक एएन -32 विमान लापता हो गया था। बाद में इस ऑपरेशन को बंद कर दिया गया और सभी 29 यात्रियों को मृत घोषित कर दिया गया था।