-
ANI

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी की राजनीती में आधिकारिक एंट्री के बाद से ही भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) लगातार उसपर तंज कस रही है। अब बीजेपी की सांसद सरोज पांडेय ने इशारों ही इशारों में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की तुलना जोकर से की है। सरोज ने कहा कि कांग्रेसी लोग प्रियंका को तुरुप का इक्का कह रहे हैं, इसका मतलब वे अब तक जोकर से खेल रहे थे।

छत्तीसगढ़ से बीजेपी की राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा, 'इतने सालों में कांग्रेस अपनी पार्टी में एक महिला कार्यकर्ता नहीं खोज पाई, जो महासचिव बन सके? उन्हें सिर्फ गांधी परिवार से एक घरेलू महिला मिली। वे उन्हें (प्रियंका गांधी को) इक्का कहते हैं, इसका मतलब है कि अभी तक वे जोकर से खेल रहे थे।'

सरोज पांडेय ने मध्य प्रदेश के कांग्रेस सांसद पर मंत्री सज्जन सिंह के उस बयान के लिए हमला बोला, जिसमें उन्होंने यह कहा था कि कांग्रेस के पास प्रियंका गांधी जैसे सुंदर चेहरे हैं और बीजेपी के पास खुरदुरे चेहरे। सरोज ने कहा कि कांग्रेस के लोग प्रियंका के बारे में यही सोच रहे हैं।

वे केवल महिला की सुंदरता के बारे में ही सोच सकते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को प्रियंका के बच्चों को भी राजनीति में लाना चाहिए और उनके पति को कोषाध्यक्ष नियुक्त कर देना चाहिए।

मालूम हो कि प्रियंका गांधी वाड्रा को बीते 23 जनवरी को कांग्रेस ने पार्टी का महासचिव बनाया है और साथ ही लोकसभा चुनाव के लिए उन्हें पूर्वी उत्तर प्रदेश की कमान सौंपी गई है। कांग्रेस अध्यक्ष और उनके भाई राहुल गांधी समेत पार्टी के कई नेताओं ने उन्हें बधाई देते हुए बेहतर काम करने की उम्मीद जताई है।