
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने आम आदमी को राहत देते हुए रियल टाइम ग्रॉस सेटलमेंट (आरटीजीएस) के जरिए पैसे भेजने का समय डेढ घंटे बढ़ाकर शाम 6 बजे तक कर दिया है। यह व्यवस्था 1 जून से प्रभावी होगी। आरबीआई ने मंगलवार को यह जानकारी दी। फिलहाल आरटीजीएस के जरिए शाम साढ़े चार बजे तक ही मनी ट्रांसफर की सुविधा है।
Reserve Bank of India extends timings for customer transactions through Real Time Gross Settlement (RTGS). Extends timings from 4:30 pm to 6:00 pm, effective from June 1 pic.twitter.com/Z4UxzrirJ8
— ANI (@ANI) May 28, 2019
आरटीजीएस सिस्टम के तहत मनी ट्रांसफर का काम तुरंत होता है। आरटीजीएस का उपयोग मुख्यत: बड़ी राशि के हस्तांतरण के लिए होता है। इसके तहत न्यूनतम 2 लाख रुपये भेजे जा सकते हैं और अधिकतम राशि भेजने की कोई सीमा नहीं है।
आरबीआई ने अधिसूचना में कहा, 'आरबीआई ने आरटीजीएस में ग्राहक लेनदेन के लिए समय को शाम साढे चार बजे से बढ़ाकर 6 बजे करने का फैसला किया है।' आरटीजीएस के तहत यह सुविधा 1 जून से मिलेगी।
आरटीजीएस के अलावा पैसे एक खाते से दूसरे खाते में भेजने का एक अन्य लोकप्रिय माध्यम नैशनल इलेक्ट्रॉनिक फंड ट्रांसफर (एनईएफटी) है। इसमें ट्रांसफर के लिए न्यूनतम और अधिकतम पैसे की सीमा नहीं है।