सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान
सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमानFETHI BELAID/AFP/Getty Images

सऊदी अरब ने तेल से घटती कमाई का विकल्प तलाशने के लिए एक नई स्पेशल रेजिडेंसी स्कीम लॉन्च की है। इस स्कीम के जरिए सऊदी अरब धनकुबेर विदेशियों को अपने यहां बसने का ऑफर दे रहा है।

सऊदी अरब ने कच्चे तेल पर अपनी अर्थव्यवस्था की निर्भरता को कम करने के लिए यह फैसला लिया है। इस गैर-सऊदी आवासीय स्कीम के तहत दूसरे देशों के लोग 8,00,000 रियाल यानी 2,13,000 डॉलर देकर स्थायी रूप से बस सकते हैं।

इसके अलावा 27,000 डॉलर की रकम चुकाने पर 1 साल के लिए सऊदी अरब में रहा जा सकता है। आगे की पेमेंट करके इस अवधि को बढ़ाया भी जा सकता है। इस स्कीम के तहत गैर-सऊदी लोगों को बिजनस करने की भी अनुमति होगी और इसके लिए सऊदी स्पॉन्सर होना भी जरूरी नहीं है।

इसके अलावा वे संपत्ति खरीद सकेंगे, परिजनों के लिए वीजा भी स्पॉन्सर कर सकते हैं। इस स्कीम के रजिस्ट्रेशन की सुविधा देने वाले ऑनलाइन पोर्टल में यह जानकारी दी गई है।

सऊदी अरब में फिलहाल 1 करोड़ बाहरी लोग मौजूद हैं, जो वहां कामकाज करते हैं। हालांकि यहां मजदूरी करने वाले लोगों पर कई तरह के नियम लागू हैं, वे हमेशा के लिए सऊदी अरब में नहीं बस सकते।

साभार : यह लेख मूल रूप से समाचार एजेंसी एएफपी द्वारा अंग्रेजी में लिखा गया है। यह मूल लेख का हिंदी अनुवाद है।