-
ANI

श्रीलंका में हुए आठ सीरियल धमाकों ने दुनियाभर में दहशत फैला दी है। अबतक 200 से अधिक लोगों की जान ले चुके इन धमाकों के बारे में श्रीलंका पुलिस के पास पहले से इनपुट था, बावजूद इसके धमाकों को नहीं रोका जा सका। जानकारी मिली है कि 10 दिन पहले यह इनपुट था कि देश के प्रमुख चर्चों के साथ-साथ भारतीय हाई कमीशन का ऑफिस भी कट्टरपंथी के निशाने पर है।

मिली जानकारी के मुताबिक, श्रीलंका पुलिस के मुख्य अधिकारी ने 10 दिन पहले अलर्ट किया था कि देशभर के मुख्य चर्चों में ऐसे हमले हो सकते हैं। वहां के सीनियर अधिकारियों को यह चेतावनी पुलिस चीफ पूजुथ जयसुंद्रा ने 11 अप्रैल को दी थी। अपनी तरफ से भेजे गए अलर्ट में जयसुंद्रा ने लिखा था, 'विदेशी खुफिया विभाग ने जानकारी दी है कि एनटीजी (नैशनल तोहिथ जमात) नाम का संगठन सुसाइड हमलों की तैयारी कर रहा है।

संगठन के निशाने पर मुख्य चर्चों के साथ-साथ कोलंबों में स्थित भारतीय हाई कमीशन का ऑफिस भी है।' बता दें कि एनटीजी श्रीलंका का एक कट्टरपंथी मुस्लिम संगठन है यह पिछले साल बौद्ध की मूर्तियों के साथ तोड़फोड़ करके चर्चा में आया था।

इनपुट में भले ही एनटीजी का नाम आया हो, लेकिन अबतक किसी संगठन या व्यक्ति ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। लगातार 6 हमलों के बाद हुए 7वें और 8वें धमाके ने वहां के लोगों को चौंका दिया है। सभी सुरक्षा बलों के जवानों और अधिकारियों की छुट्टी कैंसल कर दी गई है। वहीं फिलहाल स्कूलों को दो दिनों के लिए बंद रखा जाएगा।