-
YouTube

श्रीलंका के राष्ट्रपति ने शुक्रवार को पुष्टि की कि ईस्टर धमाकों में अहम भूमिका निभाने वाले आतंकवादी ने कोलंबो के एक होटल में हमले की अगुआई की थी। राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरीसेना ने एक स्थानीय आतंकवादी समूह के नेता जहरान हाशिम का जिक्र करते हुए पत्रकारों से कहा, 'खुफिया एजेंसियों ने मुझे बताया कि सांगरीला हमले के दौरान जहरान मारा गया।'

उन्होंने कहा कि हाशिम ने एक आलीशान होटल पर हमले का नेतृत्व किया और उसके साथ इल्हाम नाम का दूसरा हमलावर था। उन्होंने बताया कि सेना की खुफिया शाखा से सूचना मिली है और यह घटनास्थल से निकाली गई सीसीटीवी फुटेज पर आधारित है। धमाकों के बाद इस्लामिक स्टेट द्वारा जारी एक विडियो में हाशिम दिखाई दे रहा है लेकिन धमाकों के बाद उसका कोई अता-पता नहीं चला है। सुरक्षाबल हाशिम की तलाश में जुटे हैं। उसकी उम्र 40 के आसपास बताई जा रही है। श्रीलंका में तीन चर्चों और तीन होटलों में हुए हमले में 250 से अधिक लोग मारे गए और 500 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।

बता दें इस्लामिक स्टेट ग्रुप ने मंगलवार को विडियो जारी किया था जिसमें हाशिम मुख्य रूप से नजर आ रहा था। आठ हमलावरों में से सिर्फ उसी का चेहरा ढका हुआ नहीं था। सोशल मीडिया साइट पर हाशिम के हजारों फॉलोअर्स हैं जहां वह भड़काऊ उपदेश देता था। 3 साल पहले एक विडियो में वह गैर-मुसलमानों के प्रति भड़काऊ उपदेश दे रहा था। जिसके बाद मुस्लिम काउंसल ऑफ श्रीलंका के वाइस प्रेजिडेंट हिलमी अहमद ने स्थानीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी थी।

श्रीलंका के अधिकारी अभी इस बात की जांच कर रहे हैं कि इस्लामिक स्टेट ने किस स्तर पर हमलावरों की मदद की है, वहीं अहमद का कहना है कि हाशिम के बारे में लोग जानते थे कि उसकी अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठनों से सांठगांठ है।