-
Getty Images

ब्रिटेन के शाही परिवार में किलकारी गूंजी है। प्रिंस हैरी की पत्नी मेघन मर्केल ने बच्चे को जन्म दिया है। बर्किंघम पैलेस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, बच्चे का जन्म सुबह 5 बजकर 26 मिनट पर हुआ, बच्चे का वजन 7 पौंड 3 औंस है। हालांकि, अभी बच्चे के नाम का खुलासा नहीं हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मेघन को सुबह लेबर पेन होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

इंस्टाग्राम पर जारी बयान के मुताबिक, 'हमें यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि 6 मई 2019 की सुबह ड्यूक और डचेज ऑफ ससेक्स के पहले बच्चे का जन्म हुआ। मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं और शाही जोड़े इस खास मौके पर साथ खड़े रहने के लिए और उत्सकुता जाहिर करने के लिए देशवासियों का आभार जताता है।'

मेघन मर्केल के गर्भवती होने की सूचना पिछले साल अक्टूबर में आई थी। उनकी शादी मई 2018 में हुई थी।

प्रिंस हैरी न कहा कि उनका बेटा बिलकुल स्वस्थ्य है। उन्होंने कहा कि यह पल उनके लिए बहुत रोमांचकारी है।प्रिंस ने कहा कि वह अपनी पत्नी पर बहुत गर्व महसूस कर रहे हैं।

उनहोंने कहा, 'हम दोनों सभी के प्यार और समर्थन के लिए पूरी तरह से रोमांचित और बहुत आभारी हैं, यह आश्चर्यजनक है, इसलिए हम इसे हर किसी के साथ साझा करना चाहते हैं।'

हाल ही में इस शाही जोड़ी ने यह खुलासा किया था कि वह बच्चे के जन्म से जुड़ी जानकारियों को निजी रखेंगे। 11 अप्रैल को जोड़ी ने कहा था कि, 'वह अपनी खुशखबरी को सबके साथ साझा करने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन इसके पहले एक नये परिवार के तौर पर यह खुशी पहले आपस में मनाएंगे।' फरवरी में हैरी और मेगन मोरक्को की यात्रा पर गए थे। यह यात्रा उनके बच्चे के जन्म के पहले ब्रिटेन के बाहर आखिरी आधिकारिक यात्रा थी।