-
Twitter / @ANI

हरियाणा में करनाल जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नाबालिग लड़के और महिला को कथित अवैध संबंध के आरोप में ना सिर्फ जमकर पिटाई की गई, बल्कि मुंह काला करके उन्हें जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया। इतना ही नहीं, पंचायत ने दोनों को गांव से निकालने का तुगलकी फरमान भी सुना दिया।

सोशल मीडिया पर तालिबानी पंचायत की इस करतूत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित किशोर के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

डीएसपी राजीव कुमार ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने दावा किया कि मामले की जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

कुमार ने कहा, 'जरूरत पड़ी तो किशोर को स्वास्थ्य सुविधा भी हम मुहैया कराएंगे। हम उन्हें हरसंभव मदद की कोशिश कर रहे हैं।'

गांव के पूर्व प्रधान ने बताया, 'महिला बिहार की रहने वाली है। लड़का अभी 12वीं का छात्र है। पंचायत की बैठक की जानकारी तो मुझे है लेकिन उसमें क्या निर्णय हुआ, उसके बारे में मैं कुछ नहीं जानता हूं। मैंने वायरल विडियो भी नहीं देखा है। महिला शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। दोनों की जाति भी अलग है।'

उधर, लड़के के पिता का कहना है कि यह बंजारा समुदाय के लोगों ने किया है। उन्होंने कहा कि सरपंच महिला और मेरे बेटे को जूतों की माला पहनाने और गांव में घुमाने के खिलाफ थे।

किशोर के परिवारवालों का कहना है कि उन्होंने इसका एक विडियो भी बनाया है। लड़के के चाचा ने कहा, 'महिला का पति ट्रांसजेंडर है। वह नाचता है और रामलीला में भूमिकाएं निभाता है। समुदाय के लोगों ने महिला और मेरे भतीजे को जूतों की माला पहनने और गांव में घूमने के लिए मजबूर किया।'

परिवारवालों ने आरोप लगाया कि स्थानीय लोग उनके बेटे को मार देना चाहते थे।

साभार : यह लेख मूल रूप से समाचार एजेंसी एएनआई द्वारा अंग्रेजी में लिखा गया है। यह मूल लेख का हिंदी अनुवाद है।