-
Twitter / @ANI

महाराष्ट्र में भारी मानसूनी बारिश के बीच मुंबई और पुणे में दीवार गिरने ढहने की तीन घटनाओं में कुल 22 लोगों की मौत हो गई। मुंबई के मलाड में दीवार गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई है जबकि मलबे में कई लोगों के दबने की आशंका है। दूसरी ओर पुणे में एक दीवार गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा मुंबई के कल्याण में भी एक दीवार गिरने से तीन लोगों की मौत की खबर सामने आई है।

बता दें, मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार तेज बारिश हो रही है। मुंबई में आज सार्वजनिक छुट्टी का ऐलान किया गया है। सभी सरकारी और प्राइवेट दफ्तर, स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे।

मात्र तीन दिन पहले दीवार गिरने से 15 लोगों की दर्दनाक मौत का गवाह बनने वाले पुणे के अंबेगांव स्थित सिंघड़ कॉलेज की एक दीवार भरभराकर गिर गई। इस दीवार में दबकर छह लोगों की मौत हो कई तो वहीं कई घायल भी हुए। हादसा मंगलवार तड़के 1 बजकर 15 मिनट पर हुआ। मौके पर एनडीआरएफ की टीम पहुंच गई है और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। मरने वालों का आंकड़ा बढ़ने का अंदेशा जताया गया है।

ऐसे ही एक मामले में मुंबई शहर के ईस्ट मलाड में एक दीवार झोपड़ियों पर गिर गई। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है और 13 से ज्यादा घायल हुए हैं। यह हादसा पिंपरपाड़ा इलाके में हुआ, जहां दीवार के किनारे झोपड़ियों में परिवार सो रहे थे। यही वजह है कि मलबे के नीचे कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई है। मौके पर पहुंची एनडीआरएफ की टीम राहत कार्य में जुट गई है और मलबा हटाया जा रहा है।

भारी बारिश से दीवार गिरने की एक अन्य घटना रात साढ़े बारह बजे मुंबई से सटे कल्याण में हुई है। यहां पर नेशनल उर्दू हाई स्कूल की कम्पाउंड की दीवार गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई। इस दीवार के बगल में कुछ लोग रहते थे। इस दीवार के मलबे की चपेट में ये लोग आ गए। इस हादसे में 4 लोग घायल हो गए हैं।

-
Twitter / @ANI

पुलिस, फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है। रेस्क्यू टीम ने मलबे में से 4 लोगों को निकाला, इनमें से 3 की मौत हो चुकी थी। मरने वालों में 3 साल की एक बच्ची भी शामिल है। हादसे में घायल हुए लोगों का इलाज कल्याण के रुक्मिणी बाई अस्पताल में चल रहा है.

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मलाड में हुई दुर्घटना में गई जानों को लेकर वह दुखी हैं और सभी परिवारों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि सभी घायल लोगों के जल्दी ठीक होने के लिए प्रार्थना करते हैं। साथ ही सीएम ने सभी मृतकों के परिवारों को 5 लाख रुपये की सहायता देने का ऐलान किया है।

मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि अगले 24 घंटों में भी भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में शहर में सड़क यातायात तो प्रभावित हुआ ही है, वायु परिवहन और रेलवे ट्रैक्स पर भी बारिश का असर हुआ है। कई ट्रेनों को रद्द करने के साथ ही बीएमसी ने मंगलवार को स्कूल और दफ्तर बंद करने का फैसला लिया है और सभी को सुरक्षित रहने की सलाह दी जा रही है।