-
ANI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार 28 फरवरी को "मेरा बूथ सबसे मजबूत" कार्यक्रम के तहत एक वीडियो कॉन्फ्रेंस में देशभर के भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के एक करोड़ कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों के साथ सीधा संवाद किया। बीजेपी ने दावा किया कि यह आगामी 2019 लोकसभा चुनाव के लिए सत्तारूढ़ पार्टी के अभियान के हिस्से के रूप में यह "दुनिया का सबसे बड़ा वीडियो सम्मेलन" है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश से एकजुट रहने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि देश की भावनाएं एक अलग स्तर पर हैं। देश का वीर जवान सीमा पर और सीमा के पार भी अपना पराक्रम दिखा रह है। पूरा देश आज एक है और हमारे जवानों के साथ खड़ा है।

विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बीजेपी के बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा, 'दुनिया हमारे कलेक्टिव विल को देख रही है। हमारी सेनाओं के सामर्थ्य पर हमें भरोसा है। इसलिए बहुत आवश्यक है कि कुछ भी ऐसा न हो जिससे उनके मनोबल पर आंच आए या हमारे दुश्मनों को हम पर पर ऊंगली उठाने का मौका मिल जाए।'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'देश की सुरक्षा और सामर्थ्य का संकल्प लेकर हमारा जवान सीमा पर जुटा हुआ है। हम सब पराक्रमी भारत के नागरिक हैं। इसलिए हम सबको भी सिपाही बनकर देश की समृद्धि और सौहार्द के लिए दिन रात एक करना होगा। यह हमारी पहली जिम्मेदारी है। पराक्रमी कभी यह नहीं सोचता, बहुत हो गया सो जाओ।'

प्रधानमंत्री ने कहा कि दुश्मन भारत को अस्थिर करने की साजिश करता है। उन्होंने यह भी कहा कि आतंकी हमलों के पीछे भी एक मकसद देश की प्रगति रोकना होता है। उन्होंने कहा कि दुशमन के इस मकसद के सामने हर भारतीय को दीवार बनकर, चट्टान बनकर खड़ा होना है।

-
ANI

पीएम ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर अधिक मेहनत करने की सलाह देते हुए कहा, 'आपको गर्व होगा कि कैसे अपनी सरकार लोगों के जीवन में बदलाव ला रही है। आपके काम करने की प्रेरणा से संकल्प और मजबूत होगा कि इस प्रगति को रुकने नहीं देना है।'

नमो एप के जरिए देश भर के अपने पार्टी कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवियों(वॉलंटियर्स) और समर्थकों के साथ सीधा संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि इंडिया विल लीव एज वन, इंडिया विल फाइट एज वन, इंडिया विल विन एज वन।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारा देश नई नीति और नई रीति के साथ अपनी क्षमताओं का विस्तार करने में जुटा हुआ है। भारत का युवा आज उत्साह से परिपूर्ण है, देश के किसान से लेकर देश के जवान तक सभी को ये विश्वास मिला है कि नामुमकिन अब मुमकिन है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र का मूलमंत्र है सत्ता और विपक्ष के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा। इसका पहला पाठ हम अपनी पार्टी के भीतर ही सीखते हैं। ऐसे में सभी बूथ कार्यकर्ताओं के बीच भी एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि 2014 से 2019 का समय आवश्यकताओं को पूरा करने का था, जबकि 2019 से 2024 का समय आकांक्षाओं की पूर्ति करने का काल है। 2014 से 2019 बुनियादी जरूरतों को हर घर पहुंचाने का समय था, जबकि 2019 से 2024 का समय तेज उन्नति के लिए उड़ान भरने का काल है।

लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब हमारी अग्निपरीक्षा की घड़ी आ गई है। हम ऐसे पड़ाव पर हैं, जहां ज्यादा जोर लगाना चाहिए। हम जहां हैं वहां से नए प्रयास की आवश्यकता है। कहा कि आखिरी समय में और ज्यादा ताकत लगाने की आवश्यकता होती है।

संवाद के दौरान अगरतल्ला से रजनी बेन ने कहा कि हम आपके आभारी हैं कि आप त्रिपुरावासियों के लिए इतना सोचते हैं कि आज से पहले कोई भी नहीं सोचा। अब दो महीने से कम समय बचा है तो चुनाव के लिए किन-किन चीजों पर ध्यान देना चाहिए?

इस सवाल पर पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में ज्यादा से ज्यादा लोगों को बताइए। लाभार्थियों से मिलिए और पूछिए वे कैसा महसूस कर रहे हैं। मैं करता हूं, आप भी कर के देखिए। आपको गर्व होगा। आपका विश्वास बढ़ेगा कि नामुमकिन अब मुमकिन है।

भाजपा का महासंवाद कार्यक्रम दिल्ली से लाइव हुआ। दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय से भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी नई दिल्ली में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम में शामिल रहे। नमो एप के अतिरिक्त इस विशाल कार्यक्रम का लाइव प्रसारण पार्टी के फेसबुक पेजों, ट्विटर हैंडल्स, यूट्यूब चैनल्स के साथ-साथ कई ऐप्स व स्ट्रीमिंग चैनल्स पर भी दिखाया गया।

देश के सभी जिले, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर पर लगभग 15 हजार स्थानों से नमो एप के जरिए प्रधानमंत्री पार्टी कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों, स्वयंसेवकों एवं विशिष्ट नागरिकों से जुड़ें। सभी भाजपा शासित प्रदेशों में मुख्यमंत्री और कैबिनेट के मंत्री, पार्टी के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों के भी चयनित स्थान पर शामिल होने की बात कही गई।