-
Twitter / @ANI

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित शाहदरा के झिलमिल औद्योगिक क्षेत्र में एक रबर फैक्ट्री में शनिवार सुबह लगी भीषण आग में तीन लोगों के मरने और कई के घायल होने की खबर है। पुलिस का कहना है कि चार मंजिला इमारत में लगी आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है।

आग पर काबू पाने के लिए 31 फायर टेंडर मौके पर मौजूद हैं। कई लोगों के अब भी मौके पर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

खबर है कि फैक्ट्री के मालिक का नाम नईम है। फैक्ट्री में रबर और स्टेशनरी के सामानों का काम होता था। मरने वाली दो महिलाएं और एक पुरुष हैं। बताया जा रहा है कि मृतक पुरुष फैक्ट्री सुपरवाइजर भी था, जो फैक्ट्री मालिक का साला बताया जा रहा है। घायलों को ईलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

-
Twitter / @ANI

पुलिस ने अभी तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि कम से कम पांच लोग मारे गए हैं। पुलिस का कहना है कि जब वे आग बुझाने आए थे तब 12 लोग फैक्ट्री में थे। पुलिस ने 9 लोगों को निकालने की पुष्टि की है। पुलिस का कहना है कि तीन लोग बाहर जाने के बजाय ऊपर की ओर चले गए और फंस गए।