-
ANI

देश की राजधानी दिल्ली के भीड़ भरे इलाके करोलबाग में गुरुद्वारा रोड स्थित होटल अर्पित पैलेस में मंगलवार तड़के लगी भीषण आग में मरने वालों की संख्या बढ़कर 17हो गई है। कुछ लोग गंभीर रूप से झुलसे हुए हैं। अर्पित नाम का ये होटल मेट्रो के पिलर नंबर 90 के पास स्थित है।

दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल ले जाए गए 13 लोगों की मौत हो चुकी है। लेडी हार्डिंग में 5 लोगों को ले जाया गया, जिनमें से 2 की मौत की खबर है। गंभीर रूप से घायल 3 लोगों को गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

जानकारी के मुताबिक आग होटल के ऊपरी फ्लोर में लगी। फायर ब्रिगेड की 26 गाड़ियों ने किसी तरह आगू पर काबू पाया। दमकल अधिकारियों के मुताबिक, कॉरिडोर में वुडन पैनल होने के कारण लोगों को कॉरिडोर के रास्ते बाहर नहीं निकाला जा सकता था।

जानकारी के मुताबिक करोलबाग के होटल अर्पित पैलेस में आग सुबह करीब साढ़े चार बजे लगी। गहरी नींद में सोए लोग इससे पहले कुछ समझ पाते, आग फैलती चली गई। इसके बाद लोगों में दहशत फैल गई। चीफ फायर ऑफिसर के मुताबिक 2 लोग बिल्डिंग से कूद पड़े। होटल में कुछ अन्य लोगों के फंसे होने की भी आशंका को देखते हुए फायर ब्रिगेड रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटा रहा।

फायर ऑफिसर सुनील चौधरी ने बताया कि आग पर सुबह करीब 8 बजे तक काबू पा लिया गया था। इस हादसे में मारे गए लोगों के शव भी बाहर निकाल लिए गए हैं। करीब 30 लोगों को होटल से बाहर निकाल लिया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, होटल में आग सुबह साढ़े चार बजे के आसपास फैलनी शुरू हुई। यह आग कैसे फैली, अभी तक इसका पता नहीं चल पाया है।

-
ANI

आग लगने की घटना उस समय हुई जब लोग गहरी नींद में सो रहे थे। हताहतों की संख्या इसलिए इतनी बड़ी हो गई। बताया जा रहा है कि आग सुबह 5 बजे लगी। आग लगते ही लोगों में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

अभी कुछ दिन पहले ही नोएडा के सेक्टर-12 स्थित मेट्रो हार्ट हॉस्पिटल में आग लग गई थी। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। अस्पताल की बिल्डिंग अचानक धुएं के गुबार में घिर गई। इससे अस्पताल में अफरातफरी मच गई। कुछ मरीजों को बिल्डिंग के शीशे तोड़कर बाहर निकाला गया। दमकल की करीब 6 गाड़ियों ने दो घंटे बाद आग पर काबू पाया।