डोनाल्ड ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंपReuters

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि वह अमेरिका में जन्मजात नागरिकता खत्म करने पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका में जन्मे उन बच्चों की दी जाने वाली जन्मजात नागरिकता समाप्त करने पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं जिनके माता-पिता अमेरिकी नागरिक नहीं हैं।

ट्रंप ने जन्मजात नागरिकता पर पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में कहा,'हम जन्मजात नागरिकता पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। स्पष्ट कहूं तो यह बकवास है।' उन्होंने कहा, 'जन्मजात नागरिकता यह है कि हमारी जमीन में आपका बच्चा हुआ है, आप सीमा पार से आते हैं, बच्चे को जन्म देते हैं, बधाई हो, बच्चा अब अमेरिकी नागरिक है।... हम इस पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं।'

आपको बता दें कि कई मामलों में ऐसा हुआ है जब अमेरिकी नागरिकता पाने के लिए माता-पिता ने इस तरह का तरीका अपनाया हो।

बता दें कि ट्रंप ने 2016 में राष्ट्रपति पद के चुनाव प्रचार के दौरान कहा था कि वह जन्मजात नागरिकता को समाप्त करेंगे। अपने चुनाव प्रचार में भी उन्होंने बहुत आक्रामक ढंग से कहा था कि अमेरिका में जन्म लेने के कारण जन्मजात नागरिकता देने के पक्ष में वह नहीं है। उन्होंने उस वक्त भी कहा था कि बतौर राष्ट्रपति इसे समाप्त करने के लिए वह गंभीर प्रयास करेंगे।

आपको बता दें कि ट्रंप प्रवासियों के मुद्दे पर हमेशा से आक्रामक रहे हैं। अमेरिका में अवैध प्रवासियों को रोकने के लिए वह बड़े पैमाने पर काम कर रहे हैं। इस मामले में उनकी गंभीरता का अंदाजा इसी बात को लेकर लगाया जा सकता है कि अपनी योजना को अमली जामा पहनाने के लिए उन्होंने तमाम विरोध के बावजूद मेक्सिको की सीमा पर दीवर का निर्माण शुरू करवा दिया। ट्रंप का मानना है कि ऐसा करके वह मेक्सिको की तरफ से अमेरिका में घुसने वाले अवैध प्रवासियों पर लगाम लगा लेंगे।

साभार : यह लेख मूल रूप से समाचार एजेंसी पीटीआई द्वारा अंग्रेजी में लिखा गया है। यह मूल लेख का हिंदी अनुवाद है।