Union Minister V Muraleedharan
केंद्रीय संसदीय कार्य राज्यमंत्री वी. मुरलीधरनTwitter / @ANI

देश में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है और यह जानलेवा वायरस लगातार लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। भारत में अबतक 128 मामले सामने आ चुके हैं। इस बीच मोदी सरकार में विदेश राज्यमंत्री और संसदीय कार्यमंत्री वी. मुरलीधरन ने अपने आप को दिल्ली में होम क्वारंटाइन किया है।

बताया गया कि वी मुरलीधरन ने 14 मार्च को त्रिवेंद्रम में एक चिकित्सा संस्थान में बैठक में भाग लिया था। उस दौरान एक डॉक्टर भी थे, जो स्पेन से लौटे थे, जिन्हें 15 मार्च को COVID19 संक्रमित पाया गया था।

मामला सामने आने के बाद मुरलीधरन ने ऐतिहात बरतते हुए खुद को परिवार से अलग कर लिया था। वह अलग कमरे में रह रहे थे और डॉक्टरों के निर्देशों का पालन कर रहे थे। मंगलवार दोपहर को उनकी कोरोना वायरस की टेस्ट रिपोर्ट आई, जो नेगेटिव थी। इस खबर के बाद मंत्री और उनका परिवार राहत महसूस कर रहा है।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा मंगलवार दोपहर तक जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, भारत के 15 राज्यों तथा केंद्रशासित प्रदेशों में कुल मिलाकर कोरोनावायरस के 126 मामलों की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें से 104 भारतीय नागरिक हैं, जबकि 22 विदेशी नागरिक हैं।

Corona
भारत में बढ़कर 126 हुई कोविड-19 से संक्रमितों की संख्या

दिल्ली में अब तक इसके सात मामले सामने आए हैं और उत्तर प्रदेश में एक विदेशी नागरिक समेत 13 लोग इससे संक्रमित पाए गए हैं। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के तीन विदेशी नागरिकों सहित 39, कर्नाटक में आठ, लद्दाख में चार, जम्मू-कश्मीर में तीन और तेलंगाना में चार मरीज हैं। वहीं राजस्थान में दो विदेशी नागरिकों सहित कुल चार लोग संक्रमित पाए गए हैं।

तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पंजाब में एक-एक मामला सामने आया है। ओडिशा में भी सोमवार को कोविड-19 का पहला मामला आया था। इसके अलावा हरियाणा में सभी 14 संक्रमित लोग विदेशी हैं और उत्तराखंड में भी एक मामला सामने आया है। केरल में दो विदेशी नागरिक सहित 24 लोग वायरस से संक्रमित हैं। इसमें पिछले महीने इससे ठीक हो चुके तीन लोग भी शामिल हैं।

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार केरल के तीन मरीजों सहित कुल 13 लोगों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि संक्रमित 125 लोगों के सम्पर्क में आए 52,000 से अधिक लोगों की पहचान हो चुकी है। वे किस-किससे तथा कहां मिले इसका पता लगाया जा रहा है और उन पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)