PM Narendra Modi addresses the nation on coronavirus
Twitter

देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच पीएम नरेंद्र मोदी आज रात 8 बजे फिर से देश को संबोधित करेंगे। गौरतलब है कि पीएम मे एक सप्ताह पहले भी इस महामारी पर देश को संबोधित किया था।

पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए इसकी जानकारी दी। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के संबंध में कुछ महत्वपूर्ण बातें देशवासियों के साथ साझा करूंगा। आज, 24 मार्च रात 8 बजे देश को संबोधित करूंगा।'

इससे पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण और उससे होने वाले खतरे के मद्देनजर 19 मार्च को भी देश को संबोधित किया था और लोगों को भरोसा देने और सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों के बारे में जानकारी दी थी।

इस बीच भारत में सोमवार को कोविड-19 से दो और लोगों की मौत हो गई जिससे देश में मरने वालों की संख्या नौ हो गई है तथा 95 और लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद संक्रमित लोगों की कुल संख्या 468 हो गई है। एक दिन में कोरोना मामलों में यह सर्वाधिक वृद्धि है।

भारत के अधिकतर हिस्सों में लॉकडाउन हो गया है। पहले पंजाब, पुडुचेरी और फिर महाराष्ट्र ने अपने यहां कर्फ्यू का ऐलान कर दिया, जबकि सोमवार को सीएम पद संभालने वाले शिवराज सिंह चौहान ने देर रात भोपाल और जबलपुर में कर्फ्यू लगाने की बात कही। साथ ही कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए एयरलाइन भी अपनी सेवाएं रोकने की तैयारी में हैं।

6 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के कुछ हिस्सों को लॉकडाउन के दायरे में रखा गया है। सोमवार को तमिलनाडु, हिमाचल, हरियाणा, मणिपुर, असम, उत्तराखंड और झारखंड जैसे राज्यों ने 31 मार्च तक पूरी तरह से लॉकडाउन का ऐलान किया। इस दौरा धारा 144 भी लागू रहेगी। यह पाबंदी 1897 के एपिडेमिक डिजीज ऐक्ट के तहत लागू की जा रही है, जिसके उल्लंघन पर 6 महीने जेल या फिर 1000 रुपये जुर्माना, या फिर दोनों ही सजाओं का प्रावधान है।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)