-
Twitter

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि कोरोना वायरस की चपेट में आने के बाद पिछले कई दिनों से जापान के तट पर खड़े क्रूज शिप डायमंड प्रिंसेज में फंसे 119 भारतीयों को एयरलिफ्ट कर सकुशल दिल्ली पहुंचा दिया गया है।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ट्वीट किया, 'एयर इंडिया की फ्लाइट बिल्कुल अभी टोक्यो से दिल्ली लैंड हुई है। इसमें 119 भारतीय और श्रीलंका, नेपाल, साउथ अफ्रीका और पेरू के भी पांच लोग शामिल हैं। यह लोग 'डायमंड प्रिसेंज' पर थे, जिसे कोरोना वायरस की वजह से अलग कर दिया गया था। जापानी प्रशासन की मदद की सराहना करते हैं। एक बार फिर एयर इंडिया को धन्यवाद। ' सरकार की ओर से बताया गया कि भारत लाए गए सभी लोगों की जांच की जाएगी।

इन भारतीयों और 5 विदेशी नागरिकों को गुरुवार सुबह एयर इंडिया की एक स्पेशल फ्लाइट से दिल्ली लाया गया। दिल्ली लाये गए 5 विदेशी श्रीलंका, नेपाल, दक्षिण अफ्रीका और पेरू के हैं।

सभी यात्रियों को एयरपोर्ट से सीधे इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी) के छावला स्थित स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया जाएगा। यहां चीन से आए 148 और जापान से पहुंचे 124 यात्रियों को एहतियातन निगरानी के लिए रखा जाएगा। इन सभी यात्रियों को 14 दिन की जांच के बाद घर जाने की इजाजत दी जाएगी।

-
Twitter / @ANI

क्रूज शिप डायमंड प्रिंसेज पर सवार 3,711 लोगों में कोरोना वायरस के संक्रमण की आंशका की वजह से शिप को जापान के तट पर 5 फरवरी को अलग-थलग कर दिया गया था। बाद में आशंका सही साबित हुई और जहाज पर सवार कुछ भारतीयों समेत कई लोग कोरोना वायरस के टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए। इसमें 16 भारतीयों के टेस्ट पॉजिटिव पाए गए, उनका जापान में ही इलाज चल रहा है।

दूसरी तरफ, इंडियन एयर फोर्स का सी-17 ग्लोबमास्टर विमान चीन के वुहान शहर से 112 भारतीयों और विदेशियों को लेकर आ रहा है। यह विमान कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित चीन के वुहान शहर के लिए भारत से जरूरी चिकित्सकीय सामग्री लेकर पहुंचा था।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने राहत सामग्री की खेप को मुश्किल की घड़ी में चीन के लोगों के साथ भारत की एकजुटता की मजबूत अभिव्यक्ति करार दिया। सी-17 ग्लोबमास्टर सैन्य विमान करीब 15 टन मेडिकल सहायता लेकर चीन पहुंचा जिनमें मास्क, ग्लब्स और अन्य चिकित्सा उपकरण थे।

इस अभियान में तालमेल का काम देख रहे भारतीय दूतावास ने कहा कि राहत सामग्री उतारने के बाद उड़ान 112 भारतीयों एवं विदेशियों को लेकर रवाना हो गई।

आपको बता दें कि चीन में कोरोना वायरस के प्रकोप से 2700 से ज्यादा लोगों की मृत्यु हो गई है जबकि रोजाना सैकड़ों नए मामले सामने आ रहे हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन का कहना है कि अब तक कोरोना वायरस से 80,000 से ज्यादा लोग प्रभावित हो चुके हैं।

(समाचार एजेंसी पीटीआई।एएनआई के इनपुट के साथ)