कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने फिर दिया संघ को लेकर विवादित बयान.
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने फिर दिया संघ को लेकर विवादित बयान.एएनआई

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने आरएसएस को लेकर फिर एक विवादित बयान दिया है. इस बार दिग्विजय सिंह ने संघ को आतंकियों का संगठन कहते हुए संघ को देश में नफरत और आतंकवाद फैलाने वाला बताया है.

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि जितने भी हिंदू धर्म वाले आतंकी पकड़े गए हैं वे सब आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) के कार्यकर्ता रहे हैं.

यही नहीं सिंह ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ को आतंकवाद तथा नफरत फैलाने वाला संघ बताया. उन्होंने यहां तक कहा कि महात्मा गांधी की हत्या करने वाले नाथूराम गोडसे भी संघ के सदस्य थे.

सिंह ने कहा कि आज तक जितने भी हिंदू धर्म वाले आतंकवादी पकड़े गए हैं सभी संघ के कार्यकर्ता रहे हैं. उनकी विचारधारा नफरत फैलाती है यही नफरत हिंसा की ओर ले जाती है जो आतंकवाद फैलता है.

कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने दिग्विजय सिंह का बचाव करते हुए कहा कि सैद्धांतिक रूप ने दिग्विजय सिंह के विचार काफी महत्वपूर्ण होते हैं और उन्होंने हमेशा से सभी प्रकार के उग्रवाद को गलत बताया है.

खुर्शीद ने कहा, "उन्होंने (दिग्विजय सिंह) अल्पसंख्यक उग्रवाद का विरोध किया है और कहा कि सभी तरह का उग्रवाद खराब है। जो उन्होंने कहा है, उसका सामान्यीकरण करने के बजाय हम सभी को संदर्भ में समझना चाहिए और सोचना चाहिए कि वे एक समुदाय या संगठन के खिलाफ बोल रहे हैं."