-
Twitter / @ANI

भारतीय सेना का एक मेजर जनरल एनसीसी की महिला कैडेट्स को अश्लील विडियो भेजा करता था। लड़कियों की शिकायत के बाद मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। मेजर जनरल को अब कोर्ट मार्शल का सामना करना पड़ेगा।

सेना के उच्च-पदस्थ सूत्रों ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, 'आरोपी अफसर देश के पश्चिमी हिस्से में तैनात था और उसकी जिम्मेदारियों में एनसीसी की महिला कैडेट की देखभाल भी शामिल थी। पोस्टिंग के दौरान वह महिला कैडेट्स को अश्लील विडियो क्लिप भेजा करता था।'

सूत्रों के मुताबिक, महिला कैडेट्स ने सीनियर अधिकारियों से इस मामले में शिकायत की, जिसके बाद केस की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। सूत्र ने बताया, 'आरोपी अफसर जल्द ही रिटायर होने वाला है लेकिन अब उसे आर्मी ऐक्ट के सेक्शन 123 के तहत अटैच किया जाएगा। इस सेक्शन के तहत रिटायरमेंट के बाद भी अफसर के खिलाफ मुकदमा चलेगा।'

सेना इस तरह के मामलों को बेहद गंभीरता से लेती है। हाल ही में भारतीय सेना ने एक महिला अफसर के यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद मेजर जनरल रैंक के एक अधिकारी का कोर्ट मार्शल किया था। यौन कदाचार और उत्पीड़न को लेकर पिछले 2 से 3 सालों में करीब 10 अफसरों का कोर्ट मार्शल हो चुका है।

साभार : यह लेख मूल रूप से समाचार एजेंसी एएनआई द्वारा अंग्रेजी में लिखा गया है. यह मूल लेख का हिंदी अनुवाद है.