सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीरReuters

एयर इंडिया के चेक-इन सॉफ्टवेयर में शनिवार सुबह 5 घंटे तक आई दिक्कत का असर अब तक बना हुआ है। सरकारी एयरलाइन कंपनी ने कहा है कि आज भी 137 फ्लाइट्स लेट हो जाएंगी। रविवार को 137 फ्लाइट्स की औसत देरी 197 मिनट की होगी।

दुनियाभर में मौजूद एयर इंडिया के यात्री शनिवार सुबह (भारतीय समय के अनुसार) उस समय परेशान हो गए, जब उन्हें पता चला कि कंपनी के पैसेंजर सर्विस सिस्टम (PSS) सॉफ्टवेयर ने काम करना बंद कर दिया है। चेक-इन, बैगेज और रिजर्वेशन सर्विस संभालने वाला सॉफ्टवेयर सुबह 3:30 से 8:45 तक डाउन रहा।

कंपनी के प्रवक्ता ने बताया कि शनिवार को सॉफ्टवेयर शटडाउन की वजह से 149 फ्लाइट्स लेट हो गईं। औसत देरी 197 मिनट की थी।

अगर किसी वजह से पहले सेक्टर की फ्लाइट लेट होती है तो उसका असर आगे भी पड़ता है। इसकी वजह से फिर दूसरे और तीसरे सेक्टर की फ्लाइट भी लेट होगी।

इसे उदाहरण से ऐसे समझें कि दिल्ली-मुंबई एक सेक्टर है। मुंबई-बेंगलुरु दूसरा और बेंगलुरु-चेन्नै तीसरा। अब एक पर असर सबपर असर डालेगा। बता दें कि एयर इंडिया ग्रुप की दिनभर में कुल 674 फ्लाइट्स होती हैं। इसमें ग्रुप की सहायक कंपनियां जैसे अलायंस एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस शामिल है।